कच्ची दीवार गिरी, किशोरी की मौत
मजार पर नियाज बांटने के दौरान दीवार गिर जाने से किशोरी की मौत हो गई।
पीलीभीत: मजार पर नियाज बांटने के दौरान दीवार गिर जाने से किशोरी की मौत हो गई जबिक आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर अमरिया पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक का परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
थाना अमरिया क्षेत्र के ग्राम उदयपुर में एक मजार पर फातहा हो रही थी। फातहा के बाद गुलिस्तां पुत्री जुम्मन नियाज बांट रही थी। इस दौरान मजार की कच्ची दीवार गिर गई। दीवार गिर जाने से वहां खड़े कई बच्चे मलबे में दब गए। दीवार गिर जाने की सूचना पर आसपास के तमाम लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर अमरिया पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मलबे में दबने से 14 वर्षीय वफी पुत्री रियाजुद्धीन की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा उसका भाई शान, आयत पुत्री हामिद, मन्नत पुत्री इत्तखार, जुनैद पुत्र हामिद गुलिस्तां पुत्री जुम्मन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। एसओ अमरिया संदीप तोमर ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। सभी घायलों की स्थिति में भी सुधार है।