सपाइयों ने मौन व्रत रखकर दिया धरना
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मौन व्रत धारण करके सरकार की नीतियों के विरोध में धरना दिया। आरोप लगाया कि योगी सरकार दमनकारी एवं जनविरोधी नीतियों पर चल रही है।
पीलीभीत,जेएनएन : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मौन व्रत धारण करके सरकार की नीतियों के विरोध में धरना दिया। आरोप लगाया कि योगी सरकार दमनकारी एवं जनविरोधी नीतियों पर चल रही है।
शुक्रवार को पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता यशवंतरी देवी मंदिर मैदान पर एकत्र हुए। यहां एक पंडाल में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर देश को आजादी दिलाने में उनकी भूमिका का स्मरण किया। इसके बाद मौन व्रत धारण करके धरना दिए। धरना से पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री, सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष हाजी रियाज अहमद ने कहा कि यह सरकार किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, श्रमिकों का उत्पीड़न कर रही है। विपक्षियों दमन करने का प्रयास हो रहा है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ सपा का सत्याग्रह है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार आनंद प्रकाश राय को ज्ञापन दिया गया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में पूंजीनिवेश और नए उद्योगों में रोजगार के झूठे दावे किए जाने का आरोप लगाया गया। रोजगार देने के स्थान पर कर्मचारियों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति दयनीय हो गई है। मौन धरना देने वालों में पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा, पूर्व विधायक पीतमराम, बालकराम सागर, डॉ. राममूर्ति गंगवार, नरेंद्र मिश्र, ब्लाक प्रमुख अरुण वर्मा, असलम जावेद, चंचल लोधी, रिकू पांडेय, अनिल कश्यप समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।