सड़क सुरक्षा सप्ताह के भाषण प्रतियोगिता में रोशनी विजयी
परिवहन विभाग की ओर से संचालित विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता कराई गई। रोशनी मिश्रा को प्रथम स्थान मिला। प्रतियोगिता के बाद आनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ जिसमें मार्ग दुर्घटना के समय फर्स्ट हैंडलर की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई।
पीलीभीत,जेएनएन : परिवहन विभाग की ओर से संचालित विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता कराई गई। रोशनी मिश्रा को प्रथम स्थान मिला। प्रतियोगिता के बाद आनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ, जिसमें मार्ग दुर्घटना के समय फर्स्ट हैंडलर की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई।
मंगलवार को सदर तहसील के सभागार में हुई सड़क सुरक्षा जागरूकता पर हुई भाषण प्रतियोगिता में आर्य कन्या इंटर कालेज की छात्रा रोशनी मिश्रा ने प्रथम, सेंट एलायसियस इंटर कालेज की छात्रा प्रांशी दिवाकर द्वितीय व ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज के छात्र मुदस्सर कुरैशी व लिटिल एंजिल्स स्कूल के दीपांशु विष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विशेष सडक सुरक्षा सप्ताह के समापन समारोह का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार सिंह ने किया। एडीएम ने कहा कि सडक सुरक्षा सप्ताह में एक दिन स्कूली बच्चों के लिए रखा जाना चाहिए। इसमें उनके बीच प्रतियोगिता कराई जानी चाहिए। एक बच्चा कई लोगों को सिखा सकता है। समाज में अच्छा संदेश जाएगा। सीओ जहानाबाद उत्तम सिंह ने कहा कि सडक सुरक्षा के प्रति वास्तविक जागरूकता ये बच्चे ही कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों को सराहा। जिला विद्यालय निरीक्षक संतप्रकाश ने कहा कि अब स्कूलों में प्रार्थना के समय पांच मिनट सडक सुरक्षा के विषय में और पांच मिनट मिशन शक्ति के विषय में बताया जाए, इस आशय के आदेश जारी कर दिए हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अमिताभ राय ने प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा की। प्रतियोगिता का संचालन अमिताभ अग्निहोत्री ने किया। निर्णायक मंडल में रामलुभाई साहनी महिला महाविद्यालय के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डा.नरेंद्र बतरा तथा पर्यावरण सुधार संस्थान के सचिव परवेज हनीफ शामिल रहे। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय की रीति सक्सेना तथा लिटिल एंजिल्स की आयना तारिक को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार तहसीलदार सदर विवेक मिश्र ने प्रदान किए। आयोजन में यात्री कर अधिकारी राकेश मोहन, टीएसआइ सुनील कुमार का सहयोग रहा।
प्रतियोगिता के बाद सेव फाउंडेशन के सहयोग से पंक्चर मिस्त्री, वाहन मिस्त्री तथा ढाबा संचालकों को दुर्घटना के संबंध में फर्स्ट हैंडलर की भूमिका के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में दुर्घटना के बाद तत्काल क्या करना है, इस विषय में आन लाइन प्रशिक्षण दिया गया।