कई रूटों पर दौड़ी रोडवेज की बसें
अनलॉक-1 लागू होने के पहले दिन रोडवेज की बसें विभिन्न रूटों पर दौड़ती नजर आईं। हालांकि यात्रियों की संख्या काफी कम रही। पहले दिन दिल्ली लखनऊ हरदोई शाहजहांपुर व बरेली के बीच बसों का संचालन कराया गया। यात्रियों की संख्या कम होने की वजह से रोडवेज को पहले दिन ज्यादा आमदनी नहीं हुई।
जेएनएन, पीलीभीत : अनलॉक-1 लागू होने के पहले दिन रोडवेज की बसें विभिन्न रूटों पर दौड़ती नजर आईं। हालांकि यात्रियों की संख्या काफी कम रही। पहले दिन दिल्ली, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर व बरेली के बीच बसों का संचालन कराया गया। यात्रियों की संख्या कम होने की वजह से रोडवेज को पहले दिन ज्यादा आमदनी नहीं हुई।
सोमवार को सुबह से ही रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके गंगवार के अनुसार पहले दिन दिल्ली के लिए सात बसें चलाई गईं, इनमें दो एसी बसें भी शामिल हैं। आज कुल 29 बसों का संचालन हुआ। दिल्ली के अलावा लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर व बरेली रूट पर बसें चलीं। उन्होंने बताया कि निगम मुख्यालय से निर्देश मिले हैं कि साठ फीसद रूट फैक्टर वाले स्थानों के लिए ही बसों का संचालन फिलहाल कराया जा रहा है। पहले दिन तो आम दिनों की तुलना में सिर्फ 20 फीसद यात्री ही विभिन्न स्थानों के लिए निकले। वैसे आदेश यह है कि बस में जितनी सीटें हैं, उतने यात्रियों को लिया जा सकता है। कोई भी यात्री बस में खड़े होकर सफर नहीं करेगा। सभी चालकों व परिचालकों को सैनिटाइजर उपलब्ध कराया गया है। यात्रियों को सैनिटाइज कराने के बाद ही बस में बैठाने के निर्देश दे दिए हैं। प्रत्येक यात्री के लिए मास्क पहनना भी अनिवार्य कर दिया गया है। पहले दिन ज्यादातर बसों में अनेक सीटें खाली रहीं। जिन्हें आवश्यक रूप से यात्रा करनी थी, वहीं लोग निकले।