सकरिया में रोडवेज बसें न रुकने से यात्रियों में आक्रोश
ट्रेनों का संचालन बंद होने से राहगीर सड़क परिवहन पर निर्भर हो गए हैं।
पूरनपुर (पीलीभीत) : ट्रेनों का संचालन बंद होने से राहगीर सड़क परिवहन पर निर्भर हो गए हैं। पूरनपुर से पीलीभीत वाया बरेली के लिए कई बसें चल रही हैं जो जगह-जगह सवारियां लेती हुईं उनको गंतव्य तक छोड़ती हैं। सकरिया में कई दिनों से चालक रोडवेज बसों को नहीं रोक रहे हैं। बस के इंतजार में खड़े यात्रियों को देखकर चालक मनमानी कर फर्राटा भरते हुए निकल जाते हैं, इससे यात्रियों में रोष देखा जा रहा है।
रोजाना दर्जनों यात्री पीलीभीत, पूरनपुर व बरेली के लिए पूरनपुर पीलीभीत हाईवे पर सकरिया के पास वाहन के इंतजार करते देखे जा सकते हैं। पूरनपुर से चलने के बाद रोडवेज बस रास्ते में यात्रियों को बैठाते हुए जाती है। आसपास के कई गांवों के दर्जनों लोग सकरिया में एकत्र होते हैं जहां उन्हें मंजिल तक पहुंचने के लिए बस का इंतजार रहता है। सड़क किनारे सभी स्थानों से खड़े यात्रियों को ले जानी वाली बसे रुकना तो दूर की बात सकरिया में गति तक कम नहीं करती है। लोगों के रोकने का इशारा करने पर चालक हार्न बजाता हुआ लेकर चला जाता है। राहगीरों को दूसरे डग्गामार वाहनों से आवागमन करना पड़ता है।