पुलिस कर्मियों को खुद सौंपनी होगी अपनी कुंडली
पुलिसकर्मियों को खुद सौंपनी होगी अपनी कुंडली।
संस, पूरनपुर : दूसरों की कुंडली खंगालने में माहिर पुलिसकर्मी अब खुद अपनी और अपने परिवार की कुंडली बनाकर अधिकारियों को सौंपेंगे। इसमें वे निजी जानकारियों के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों से संबंधित जानकारी देंगे। उक्त जानकारियों का डाटा तैयार कर विभाग में सुरक्षित रखा जाएगा। हालांकि इससे विभाग के सभी राजपत्रित अधिकारियों को मुक्त रखा गया है। सभी पुलिस कर्मियों को जानकारियां जल्द देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी कमल ¨सह ने बताया कि उच्च स्तर पर जानकारी मांगी गई है। डाटा एकत्रित होते ही भेज दिया जाएगा। इसी तरह का डाटा पिछली बार भी मांगा गया था। यह जानकारी देनी होगी प्रारूप में:
पुलिसकर्मी कहां का स्थाई निवासी है। परिवार कहां रहता है, परिवार में कितने सदस्य हैं। उनके नाम, जन्मतिथि व व्यवसाय क्या हैं। विभाग में कार्मिक संख्या क्या है। पैन कार्ड नंबर व बैंक की खाता संख्या। नामिनी कौन है। कर्मचारी विवाहित है या अविवाहित। कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं आदि। अवैध संपत्ति पर लगेगी लगाम
कई बार पुलिसकर्मियों द्वारा परिजनों के नाम से अवैध रूप से संपत्ति अर्जित कर ली जाती है। परिजनों व उनके व्यवसाय की जानकारी होने के बाद इस पर भी लगाम लगेगी। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की मौत के बाद एक से अधिक पत्नियां विरासत का दावा करने लगती हैं। ऐसे मामलों को निस्तारित करने में इसके बाद अधिकारियों को परेशानी नहीं होगी।