गौढ़ी संचालकों व मवेशियों को नाव से निकाला
शारदा नदी में बनबसा बैराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी से ट्रास शारदा क्षेत्र में बाढ़ से आतंक है।
पीलीभीत : शारदा नदी में बनबसा बैराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी से ट्रास शारदा क्षेत्र में बाढ़ का कहर कम नहीं हो पा रहा है। लोग बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। कई गांव टापू बन गए हैं। धनाराघाट में शारदा और सुतिया के बीच फंसे आंधा दर्ज गौढ़ी संचालकों व मवेशियों को नाव से रात को निकाला गया। समाजसेवी विजयपाल विक्की ने कटान प्रभावित गांव राणा प्रताप नगर पहुंचकर दर्जनों ग्रामीणों को बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया।
बाढ़ के पानी से गांव राणाप्रतापनगर के उत्तर मुहल्ले के बालकराम, सेवाराम, पूरनलाल, अशोक कुमार, राजबहादुर, रामनरेश, मकबूल, रामचंद्र, हरिश्चंद्र, ताज मोहम्मद, अजरुद्दीन, अरुण पाठक, पंचदेव ¨सह, अशोक पांडे, लालमती पांडे आदि के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे लोग परेशान हैं। राजीव नगर में भी बाढ़ का पानी घुस जाने से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं बाढ़ से परेशान गांव में तहसील व जिला प्रशासन के अधिकारी नहीं पहुंच सके हैं और ना ही प्रभावित लोगों का दुख दर्द ही सुन सके हैं। बाढ़ के पानी से शारदा नदी उठना गई है और बाढ़ बचाव कार्य के तहत बने कटर और ठोकर पानी में डूब गए हैं। बाढ़ से प्रभावित गांव अशोकनगर, चंद्रनगर, बहादुरनगर, श्रीनगर, राघवपुरी, धर्मपुरी, बमनपुर भगीरथ आदि गांवों में बाढ़ के पानी से लोग परेशान हैं। राणाप्रतापनगर रपटा पुल पर 5 से 6 फुट का तेज बहाव होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। इसके अलावा राणाप्रताप नगर से नेहरूनगर मार्ग भी बाढ़ के पानी से घिर गया है। रामनगर चंद्रनगर मार्ग पर भी नाव का सहारा लेकर लोग आवागमन कर रहे हैं। उधर धनाराघाट में शारदा व सुतिया के बीच 6 गौढी संचालक पानी में फंस गए। इन्हें पूर्व जिपं सदस्य असलम कुरैशी की नाव से रात को सुरक्षित मवेशियों सहित निकाला गया। रमनगरा क्षेत्र में भी हालात खराब हैं। राहुलनगर में नदी का पानी 200 मीटर दूर बह रहा है।
----------------------
मझोला के कई गांव बाढ़ से घिरे
पीलीभीत : मझोला के बाढ़ के पानी से परेशान जोशी कॉलोनी के लोगों को प्रशासन की ओर से 24 घंटे बीतने के बाद भी कोई सहायता नहीं की गई है। जोशी कॉलोनी मझोला-अमरिया मार्ग पर चार फिट पानी चल रहा है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई मदद न मिलने से लोगों में रोष है।