बारिश की बूंदों ने धान में बढ़ा दी नमी
हल्की बारिश धान को नुकसान पहुंचा गई। धान में नमी फिर बढ़ गई है। इससे उन्हें सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने में और ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। धान में नमी कम करने के लिए उसे सुखाने के बाद ही बिक्री के लिए ले जाना पड़ेगा।
पीलीभीत,जेएनएन: हल्की बारिश धान को नुकसान पहुंचा गई। धान में नमी फिर बढ़ गई है। इससे उन्हें सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने में और ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। धान में नमी कम करने के लिए उसे सुखाने के बाद ही बिक्री के लिए ले जाना पड़ेगा।
आदर्श किसान इंटर कालेज परिसर में लगा क्रय केंद्र पर ट्रालियों किसानों ने धान भर रखा था। तौल का इंतजार कर रहे थे कि रविवार की सायं हल्की बारिश हो गई। हालांकि किसानों ने कुछ कुछ ट्रालियों में धान के ऊपर पन्नी डालकर सुरक्षा की लेकिन सर्द हवाओं और बारिश से धान में नमी की मात्रा फिर भी बढ़ गई। इससे किसान बहुत ही परेशान हैं। बेबी सिंह कालोनी के किसान निरोध मिस्त्री कहते हैं कि 25 -30 क्विंटल धान सेंटर पर लाए लेकिन अभी तक तौल नहीं हुई। इस बीच बारिश से धान कुछ भीग भी गया है। इसी कालोनी के नोनी गोपाल राय का कहना है कि बारिश होने की वजह से धान जो बाहर पड़ा सब भीग गया, जिसे आज परिवार के सभी लोगों ने मिलकर छतों व आंगन में सुखाने की तैयारी की है।
कृषक गणेश का कहना है कि दीवाली की छुट्टंी के बाद क्रय केंद्रों पर धान की तौल तो शुरू हो गई है,लेकिन रविवार की रात हुई बारिश से धान में नमी बढ़ गई है,जिससे बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान परिमल मंडल बताते हैं कि धान ट्राली से उतारकर छतों पर सुखा रहे हैं, क्योंकि सुखाए बगैर अब यह बिकने वाला नहीं है। गेहूं की फसल की बुवाई भी लेट हो रही है, अब इसे सुखाने में दो-तीन दिन लग जाएंगे।