मंडी में लगे सेंटरों से इंचार्ज गायब, कैसे हो धान खरीद
मंडी में लगे क्रय केंद्रों से सेंटर इंचार्ज गायब हैं। किसान वहां पहुंचकर इंचार्ज को न पाकर मजबूरन आढ़तियों और बिचौलियों के हाथों धान बेचने को मजबूर हैं।
संवाद सहयोगी, पूरनपुर (पीलीभीत) : मंडी में लगे क्रय केंद्रों से सेंटर इंचार्ज गायब हैं। किसान वहां पहुंचकर इंचार्ज को न पाकर मजबूरन आढ़तियों और बिचौलियों के हाथों धान बेचने को मजबूर हैं। आढ़तियों ने सेंटरों के आगे अपना धान फैला रखा है। सेंटरों पर अभी तक सुचारू रूप से खरीद नहीं हुई जबकि बाजार में पूरी तरीके से धान आ गया है।
किसानों ने धान की कटाई पूरी तरीके से शुरू कर दी है। बड़े पैमाने पर पूरनपुर धान आ रहा है लेकिन यह धान शासन द्वारा प्रस्तावित किए गए क्रय केंद्रों पर न जाकर बिचौलियों और आढ़तियों के यहां बिक्री हो रहा है। मंडी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगे क्रय केंद्रों पर धान खरीद पूरी तरह ठप पड़ी है। मंडी में लगे तीन सेंटरों पर इंचार्ज गायब रहे। आरएफसी प्रथम, राज्य कल्याण कर्मचारी निगम समेत तीन सेंटरों पर इंचार्ज नहीं थे। किसान सेंटर इंचार्ज के बारे में पूछने के बाद वापस हो गए। इन अव्यवस्थाओं को लेकर मजबूरन किसान और आढ़तियों और बिचौलियों को बेच रहे हैं। पूरनपुर में सरकारी खरीद व्यवस्था लगातार लचर हो गई है। यहां उच्चाधिकारी भी कोई ध्यान नहीं दे रहे है जिसके चलते मनमानी पूरी तरीके से हावी हो गई है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में तो क्रय केंद्र भी स्थापित नहीं किए गए हैं। आढ़ती और राइसमिलरों को सेंटरों का ठेका देने से वह सीधी खरीद कर किसानों से धान एकत्र कर रहे हैं।