पेड़ पर लटकता मिला वृद्ध का शव
पीलीभीत में एक वृद्ध का शव पेड़ से लटकता मिला। वह बैंक जाने की बात कहकर घर से निकला था।
संवाद सहयोगी, बीसलपुर: एक बाग में वृद्ध ग्रामीण का शव पेड़ पर फंदे में लटकता पाया गया। उसके पुत्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर मामले की जांच शुरू कर दी कै। मृतक के पुत्र ने हत्या की आशंका जताई है।
नगर के रामलीला मैदान से ग्राम कासिमपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित अनिल सक्सेना के आम के बाग में बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर निवासी नरेश कुमार (65) का शव एक पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। वह बुधवार सुबह सात बजे घर से बीसलपुर बैंक आए थे। उनके पुत्र प्रवेश ने शव देखकर पुलिस को सूचित किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया। मृतक के पेट पर चाकू के प्रहार निशान भी बने हुए थे। पास में ही एक नया चाकू पड़ा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक के पुत्र ने बताया कि वह बैंक ऑफ इंडिया में क्रॉप लोन के संबंध में पता करने गए थे। इसके बाद उन्होंने 12 बजे पोस्ट आफिस में रजिस्ट्री भी की। उसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। देर रात तक घर न पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की तो उनका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।