आरोपित सिपाही के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
पीलीभीत,जेएनएन : महिला सिपाही को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाले सिपाही की मुश्किलें बढ़ गई है। कोतवाली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर जमानती वारंट ले लिया। गिरफ्तारी के लिए जल्द ही पुलिस की टीम रवाना होंगी। 15 दिन पहले महिला सिपाही ने एक सिपाही पर कोतवाली में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
महिला सिपाही ने कोतवाली सदर में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह वर्ष 2019 में पूरनपुर थाने में तैनात थी। इस दौरान सिपाही मोहित खोखर से उसकी जान पहचान हुई। दोनों में मेलजोल हो गया। मोहित ने शादी करने की बात कहकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है इस दौरान पीड़ित ने विरोध भी किया लेकिन आरोपित नहीं माना। उसका स्थानांतरण इसी बीच पीलीभीत के महिला थाने में हो गया। छह महीने पहले उसके भाई की शादी होने के बाद उसने मोहित खोखर से शादी करने के लिए कहा तो वह टालमटोल करता रहा और परिवार वालों से जल्द बात करने की बात कही। इस बीच 13 अप्रैल को आरोपित सिपाही उसे बिना बताए छुट्टी लेकर घर चला गया इस बीच उसको जानकारी मिली कि 24 अप्रैल को आरोपित सिपाही ने उसे धोखा देकर बागपत की रहने वाली युवती से शादी रचा ली। आरोपित सिपाही के खिलाफ न्यायालय ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। गैर जमानती वारंट जारी होने से आरोपित सिपाही मोहित खोखर की मुश्किलें बढ़ गई है। इंस्पेक्टर सदर कोतवाली हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि आरोपित सिपाही मोहित खोखर के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट लिया है, उसको जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।