24 घंटे के बाद चली चीनी मिल
टरबाइन में खराबी आने के कारण शुक्रवार को बंद हुई चीनी मिल शनिवार की सुबह चल सकी। 24 घंटे बाद चीनी मिल चलने से बड़ा लंबा समय किसानों को मिल यार्ड में बिताना पड़ा। दोपहर तक वाहनों की लाइन चीनी मिल यार्ड में नहीं टूट सकी।
पीलीभीत,जेएनएन : टरबाइन में खराबी आने के कारण शुक्रवार को बंद हुई चीनी मिल शनिवार की सुबह चल सकी। 24 घंटे बाद चीनी मिल चलने से बड़ा लंबा समय किसानों को मिल यार्ड में बिताना पड़ा। दोपहर तक वाहनों की लाइन चीनी मिल यार्ड में नहीं टूट सकी।
पूरनपुर सहकारी चीनी मिल शुक्रवार की तड़के टरबाइन में खराबी आ जाने के कारण बंद हो गई थी, इसके चलते चीनी मिल यार्ड और खुटार हाईवे तक वाहनों का लंबी लाइन लग गई थी। कई किसान चीनी मिल में गन्ना भरी ट्राली को छोड़ने के बाद अपने ट्रैक्टर लेकर घर वापस हो गए थे। सुपरवाइजर को लगाकर तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए किसानों से गन्ना भरे वाहन चीनी मिल न लाने की बात कहीं जा रही थी। शुक्रवार को ही कर्मचारियों की एक टीम शामली से टरबाइन का एक्साइटर लाने के लिए रवाना हो गई थी। टीम देर रात लौटी। घंटों मरम्मत के बाद चीनी मिल शनिवार सुबह 24 घंटे बाद चल सकी। तब तक किसानों को अपने वाहनों पर ही समय गुजारना पड़ा। चीनी मिल की पेराई का शुरू होने पर किसानों ने राहत की सांस ली। दोपहर तक जिन वाहनों की हाईवे किनारे तक लाइन लगी थीं, उन वाहनों को दोपहर तक यार्ड में प्रवेश नहीं मिल सका। चीनी मिल के सुचारू रूप से चलने के कारण जल्द ही वाहन खाली होने की उम्मीद है। जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि शनिवार को सुबह नौ बजे चीनी मिल चल गई। शुक्रवार को वह चीनी मिल पहुंचे थे और किसानों को एसएमएस कराकर गन्ना न लाने के खराबी के कारण निर्देश भी दिए गए थे।