पेड़ पर फंदे से झूलता मिला ग्रामीण का शव
जंगल में एक ग्रामीण का शव पेड़ पर फंदे से झूलता पाया गया। वन विभाग के कर्मियों ने गश्त के दौरान जब पेड़ पर लटका शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव अपने कब्जे में ले लिया।
संवाद सूत्र, गजरौला (पीलीभीत) : जंगल में एक ग्रामीण का शव पेड़ पर फंदे से झूलता पाया गया। वन विभाग के कर्मियों ने गश्त के दौरान जब पेड़ पर लटका शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव अपने कब्जे में ले लिया। आसपास के गांवों से लोगों को बुलाकर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया लेकिन फिलहाल कोई उसे नहीं पहचान सका। ऐसे में संभावना है कि शव किसी बाहरी व्यक्ति का हो सकता है। उसने आत्महत्या की अथवा किसी ने हत्या करके शव फंदे पर लटका दिया। इसके बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
थाना क्षेत्र में माला रेंज की गढ़ा बीट के जंगल में शनिवार को अपराह्न एक स्थान पर अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ पर फंदे में झूलता पाया गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने गश्त के दौरान पेड़ पर लटका शव देखा तो अचंभित रह गए। वन दारोगा राम भरत यादव ने बताया कि गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका दिखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद आसपास के गांवों से लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया लेकिन कोई उसे पहचान नही सका। इस पर पंचनामा की कार्रवाई कर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कश्यप ने बताया कि कई गांवों के प्रधानों को बुलाकर भी शिनाख्त करने का प्रयास किया गया लेकिन कोई मृतक को पहचान नहीं सका। इससे लगता है कि मृतक कहीं बाहर का रहने वाला है। उसने जंगल में आकर आत्महत्या की अथवा हत्या करके उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।