शहर समेत कई स्थानों पर मनी मकर संक्रांति
शहर के साथ ही जिले में कई स्थानों पर मंगलवार को लोगों ने मकर संक्रांति का पर्व मनाया। खिचड़ी का भंडारा किया गया। शहर में विश्व हिदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को खिचड़ी खिलाई।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : शहर के साथ ही जिले में कई स्थानों पर मंगलवार को लोगों ने मकर संक्रांति का पर्व मनाया। खिचड़ी का भंडारा किया गया। शहर में विश्व हिदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को खिचड़ी खिलाई। पूरनपुर में गोमती नदी के त्रिवेणी घाट और बीसलपुर में सहकारी चीनी मिल परिसर में खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया।
विश्व हिदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्टेशन रोड पर विशाल टाकीज के निकट शिविर लगाया। शिविर में खिचड़ी तैयार कराई गई और राहगीरों को वितरित किया गया। शहर के तमाम स्थानों पर मकर संक्रांति का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा।
पूरनपुर : मंदिरों में खिचड़ी भोज और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इकोत्तरनाथ मंदिर, सिद्धबाबा स्थल, दिलावरपुर के हनुमान मंदिर सहित कई धार्मिक स्थल पर लोगों ने पहुंचकर स्नान ध्यान कर खिचड़ी का दान पुण्य किया। नगर के कई सार्वजनिक स्थानों पर खिचड़ी भोज कार्यक्रम हुए। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। घुंघचाई : घाटमपुर स्थित त्रिवेणी घाट के ठाकुरद्वारा मंदिर परिसर में हर बार की तरह इस बार भी लोहड़ी के एक दिन बाद रखे जाने वाले खिचड़ी भोज का भव्य आयोजन मंदिर कमेटी की ओर से रखा गया। लोगों को सह भोज में आमंत्रित किया गया। राहगीरों को खिचड़ी भोज कराया गया। गोमती के इस महत्वपूर्ण घाट के जीर्णोद्धार को लेकर के भी कार्य योजना बनाई गई। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद वर्मा,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज क्षेत्र के ललित घोष, तहसील प्रचारक आशुतोष कुमार, संदीप खंडेलवाल, छविनाथ, मंजीत सिंह, अंकित कुमार वर्मा, संदीप मौजूद रहे।
बीसलपुर: किसान सहकारी चीनी मिल में गायत्री परिवार कार्यकर्ताओं ने मिल परिसर स्थित मंदिर में यज्ञ का आयोजन किया। यज्ञ गायत्री परिवार के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सत्यपाल यादव द्वारा वेदमंत्रोच्चरण के साथ सम्पन्न कराया गया। यज्ञ के उपरांत मिल यार्ड में खिचड़ी भोज हुआ। विधायक रामसरन वर्मा, जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र, मिल के प्रधान प्रबंधक एसडी सिंह, दीपक मिश्र, श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष श्याम बहादुर शर्मा मौजूद रहे। प्राचीन कालसेन बाबा स्थल पर खिचड़ी भोज का आयोजन हुआ जिसमें नगर के अलावा आसपास के कई ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। बुधवार को मौनी बाबा मढ़ी परिसर में खिचड़ीभोज का आयोजन किया जाएगा।