हरदोई ब्रांच नहर में मिला तेंदुआ का शव
हरदोई ब्रांच नहर में तेंदुआ का शव उतराता देखे जाने की सूचना पर वन विभाग में खलबली मच गई। सामाजिक वानिकी पूरनपुर रेंज के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शव को नहर से निकाल कर पोस्टमार्टम के आइवीआरआइ के लिए भिजवाया।
कलीनगर (पीलीभीत) : हरदोई ब्रांच नहर में तेंदुआ का शव उतराता देखे जाने की सूचना पर वन विभाग में खलबली मच गई। सामाजिक वानिकी पूरनपुर रेंज के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शव को नहर से निकाल कर पोस्टमार्टम के आइवीआरआइ के लिए भिजवाया।
टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कुछ दिनों पहले वन विभाग के प्रदेश स्तरीय अधिकारियों ने मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पर मंथन किया था। मुख्य वन संरक्षक सुनील कुमार पांडेय ने भी दो दिन पहले टाइगर रिजर्व का निरीक्षण कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। बुधवार को बराही रेंज के जंगल से कई किमी दूर हरदोई ब्रांच नहर में तेंदुआ का शव उतराता देखा गया। वाइफरकेशन से निकलने वाली हरदोई ब्रांच नहर में पूरनपुर खटीमा वाले मार्ग में डगा पुल से कई किमी दूर दोपहर करीब बारह बजे नहर में नहाने गए कुछ बच्चों ने सबसे पहले तेंदुआ का शव देखा। इस पुल के निकट वृक्षों की छाया में एक चाट विक्रेता व कुछ फल वाले अपनी दुकानें लगाते हैं, जिस कारण भीड़ भी रहती है। बच्चों की ओर से तेंदुआ का शव देखे जाने की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ लग गई। सूचना सामाजिक वानिकी पूरनपुर को दी गई। रेंजर महेश चंद्र व डिप्टी रेंजर साजिद हसन व अन्य वन्य कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। डिप्टी रेंजर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही तेंदुआ की मौत के कारण का पता चल सकेगा। शव मादा तेंदुआ का है। उम्र तीन से चार साल के बीच रही होगी। शरीर पर कहीं कोई चोट का निशान नहीं है। शव को आइवीआरआइ बरेली को भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ही तेंदुआ की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
-एच. राजामोहन, फील्ड डायरेक्टर पीलीभीत टाइगर रिजर्व।