कांग्रेसियों ने सड़क पर दिया धरना
कांग्रेसियों को जैसे ही यह सूचना मिली कि हाथरस जाते समय पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी को रोककर गिरफ्तार कर लिया गया है तभी वे सड़कों पर आ गए। सड़क पर धरना शुरू कर दिया लेकिन तभी पुलिस पहुंच गई और समझाकर उन्हें सड़क से हटा दिया।
पीलीभीत,जेएनएन : कांग्रेसियों को जैसे ही यह सूचना मिली कि हाथरस जाते समय पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी को रोककर गिरफ्तार कर लिया गया है, तभी वे सड़कों पर आ गए। सड़क पर धरना शुरू कर दिया लेकिन तभी पुलिस पहुंच गई और समझाकर उन्हें सड़क से हटा दिया। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि जल्द ही दोनों पार्टी नेताओं को रिहा नहीं किया गया तो फिर आंदोलन करेंगे।
गुरुवार की शाम कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चव्वा के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता टनकपुर रोड स्थित छतरी चौराहा पर एकत्र हुए। सोनिया गांधी व राहुल गांधी को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही सुनगढ़ी थाना के इंस्पेक्टर अतर सिंह पुलिस फोर्स के साथ वहां जा पहुंचे। उन्होंने जिलाध्यक्ष को समझाया कि इस तरह सड़क पर धरना न दें। इसके बाद सभी कांग्रेसी वहां से हट गए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अगर पार्टी के दोनों शीर्षस्थ नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया तो शुक्रवार को आंदोलन तेज किया जाएगा। धरना, प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष मुनेंद्र सक्सेना, यूसुफ मलिक, नरेंद्र वर्मा, पुष्पा गंगवार, मोतीराम राजपूत, कमलेश शर्मा, दानिश हसन, इदरीस अंसारी, हरविदर सिंह, वासुदेव ठाकुर, नितिन चौहान कार्यकर्ता शामिल रहे।