पीटीआर में धर्मस्थल पर हो रहा सुंदरीकरण कार्य रोका
पूरनपुर नेशनल हाईवे पर माला रेंज के जंगल में गढ़ा वन चौकी क्षेत्र में स्थित धर्मस्थल पर हो रहे सुंदरीकरण कार्य को टाइगर रिजर्व प्रशासन ने रुकवा दिया। निर्माण कार्य को ध्वस्त कराकर सामग्री को भी जब्त कर लिया है। इस दौरान काम कर रहे मजदूरों को भी खदेड़ दिया गया। कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : पूरनपुर नेशनल हाईवे पर माला रेंज के जंगल में गढ़ा वन चौकी क्षेत्र में स्थित धर्मस्थल पर हो रहे सुंदरीकरण कार्य को टाइगर रिजर्व प्रशासन ने रुकवा दिया। निर्माण कार्य को ध्वस्त कराकर सामग्री को भी जब्त कर लिया है। इस दौरान काम कर रहे मजदूरों को भी खदेड़ दिया गया। कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। खास बात यह है कि टाइगर रिजर्व प्रशासन ने उक्त कार्रवाई की बाबत गजरौला थाना पुलिस को भी सूचना नहीं दी।
माला रेंज की गढ़ा वन चौकी क्षेत्र में कई दशक पुराना धर्मस्थल स्थित है। पूजा पाठ करने के लिए आसपास क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। धर्मस्थल की देखरेख करने वालों ने कुछ दिन पहले ही सुंदरीकरण कार्य शुरू करवाया। इस मामले की भनक लगते ही टाइगर रिजर्व प्रशासन फौरी तौर पर हरकत में आ गया। पीटीआर के डिप्टी डाइरेक्टर नवीन खंडेलवाल वन विभाग कर्मचारियों को लेकर धर्मस्थल पर बीते दिन पहुंच गए। वन कर्मचारियों ने सुंदरीकरण कार्य में जुटे मजदूरों को खदेड़ दिया। धर्मस्थल के चारों तरफ लगाई जा रही लोहे की रेलिग को भी ध्वस्त कर दिया। इस दौरान वन विभाग कर्मचारियों द्वारा मजदूरों से अभद्रता करने का आरोप है। टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। लखनऊ स्तर से भी मामले की बाबत जिले के अधिकारियों से मालूमात की जाने लगी। वीडियो क्लिप में टाइगर रिजर्व के डिप्टी डाइरेक्टर नवीन खंडेलवाल समेत अन्य वन कर्मचारी साफ तौर पर नजर आ रहे हैं। टाइगर रिजर्व के अधिकारियों से मामले की बाबत जानकारी लेने के लिए कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीक्षित ने बताया कि यह कार्रवाई टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से की गई है, जिसके बारे में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है। मामले का वीडियो वायरल होने पर ही यह मामला संज्ञान में आया है। गजरौला थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कश्यप ने बताया कि टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई के बारे में पहले कोई सूचना नहीं दी गई है। अब मामला संज्ञान में आने पर वह मौके गए। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि स्थिति सामान्य है।