खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठानों पर की छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानों में छापामार कर मिठाइयों के नमूने भरे।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में भ्रमण करते हुए कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न जगहों से खोया, पनीर और बेसन में मिलावट की आशंका में नमूने लेकर सील किए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भिजवाए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी शंशाक त्रिपाठी के अनुसार सोमवार को चौक बाजार में बीसलपुर मिष्ठान भंडार पर खोया का नमूना लेकर सील कराया गया। उसकी शुद्धता की जांच के लिए लखनऊ की राजकीय प्रयोगशाला में भिजवाया गया। स्टेशन रोड पर संतोष होटल के रेस्टोरेंट में पनीर का नमूना लिया गया। यहां रेस्टोरेंट में लगभग दस किग्रा विभिन्न सब्जियों, उनकी ग्रेवी और चिकन को मौके पर ही नष्ट कराया गया। सफाई संतोषजनक न होने पर होटल संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है। इसके अलावा नवीन मंडी स्थल गेट पर नटराज ट्रेडर्स के यहां से बेसन का नमूना जांच के लिए सील किया गया। स्टेशन रोड पर ही लक्ष्मी टाकीज के निकट मैक्स पिज्जा के यहां भी चेकिग की गई। स्वच्छता का अभाव मिला। खाद्य पदार्थों को मक्खियों एवं कीड़ों के बचाव की उचित व्यवस्था नहीं मिली। निष्प्रयोज्य खाद्य पदार्थों के निस्तारण का भी समुचित इंतजाम नहीं था। इसलिए इन्हें भी नोटिस जारी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दीपावली तक चेकिग अभियान लगातार जारी रहेगा।