तराई में कम नहीं हो रहा कोहरा
तराई के जनपद में मौसम रोजाना ही रंग बदल रहा है। शनिवार को सुबह से ही घना कोहरा छा जाने से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया। दोपहर में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली। रविवार को भी कोहरा छाने की संभावना जताई जा रही है।
पीलीभीत,जेएनएन : तराई के जनपद में मौसम रोजाना ही रंग बदल रहा है। शनिवार को सुबह से ही घना कोहरा छा जाने से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया। दोपहर में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली। रविवार को भी कोहरा छाने की संभावना जताई जा रही है। आसमान में बादल भी उमड़ सकते हैं।
सुबह से घना कोहरा छा गया। जिस कारण वाहनों को हेड लाइट जलाकर धीमी गति से चलाया गया। कोहरे के कारण सर्दी का प्रकोप भी बढ़ गया। जिससे सड़कों पर चहलपहल कम ही रही। दोपहर में धूप खिलते ही मौसम में कुछ गरमाहट सी महसूस होने लगी। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री सेंटीग्रेड तथा न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया है।
शीतलहर से पशु-पक्षी बेहाल
बीसलपुर : बर्फीली हवाएं चलने से क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित बना हुआ है। ठंड से पशु-पक्षी भी बेहाल होने लगे। पालिका प्रशासन ने अब भी नगर में गरीब बस्तियों में अलाव नहीं जलवाए।
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में ठंड का व्यापक असर है। बर्फीली हवा में लगातार चल रही है। सूर्यदेव पूरे दिन कोहरे में छुपे रहते हैं। कड़ाके की ठंड से न सिर्फ बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं प्रभावित बनी हुई है बल्कि अब पशु-पक्षी भी ठंड से काफी परेशान हो रहे हैं। शनिवार को ठंड से बचने के लिए बंदरों के झुंड आपस में चिपक कर बैठे हुए देखे गए। कोहरा आसमान से बूंदे बनकर टपकता रहा। ओस गिरने के कारण पक्षी भी देर तक घोंसले में बैठे रहे। हालांकि कुछ देर के लिए सूर्य ने दर्शन दिए परंतु ठंड से राहत नहीं मिली। अधिशासी अधिकारी वंदना शर्मा का कहना है कि प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन अलाव जलवाए जा रहे हैं।
मीरपुर वाहनपुर : कड़ाके की ठंड से भी ग्रामीण अंचलों में जनजीवन प्रभावित रहा। ठंड से छोटे बच्चों व महिलाओं को काफी परेशानी हुई। दोपहर तक कोहरा छाया रहा।