पीलीभीत में पेड़ से टकराई कार, पांच की मौत
गजरौला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। पूरनपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : गजरौला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। पूरनपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। मृतकों में एक परिवार के पिता, पुत्र व बेटी जबकि दूसरे परिवार के पिता-पुत्र हैं।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला सुधीर कॉलोनी निवासी अश्वनी उपाध्याय तथा मुहल्ला कायस्थान निवासी अमित कश्यप परिवार के साथ गुरुवार को शहर में आयोजित एक शादी समारोह में गए थे। रात करीब साढ़े बारह बजे दोनों परिवार के दस लोग कार से घर लौट रहे थे। गजरौला थाना क्षेत्र में गांव पिपरिया नवदिया (बंगाली कॉलोनी) के पास रोड किनारे पेड़ की टहनी टूटी पड़ी थी। उससे बचने के प्रयास में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में अश्वनी उपाध्याय (32) पुत्र राधाकृष्ण उपाध्याय, अमित कश्यप (28) पुत्र ओमप्रकाश, नोनी (12) पुत्री अश्वनी, लव (8) पुत्र अश्वनी उपाध्याय तथा गोलू (7) पुत्र अमित कश्यप की मौके पर मौत हो गई। जबकि अश्वनी उपाध्याय की पत्नी रेखा उपाध्याय, अमित कश्यप की पत्नी सुषमा कश्यप, अश्वनी उपाध्याय की मां आशा उपाध्याय, मिनी पुत्री अश्वनी तथा उदय पुत्र अमित कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गश्त कर रहे इंस्पेक्टर नरेश कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीक्षित, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल भी कुछ देर बाद घटनास्थल पर पहुंच गए। आशा उपाध्याय तथा गोलू को बरेली रेफर कर दिया गया।