किसान का नाला में मिला शव, हत्या की आशंका
खेत की रखवाली करने गए किसान का शव पानी वाले सूखे नाला में पड़ा मिला। वारदात को लेकर खलबली मच गई। ग्रामीणों के साथ थाना पुलिस पहुंची। गर्दन पर चोट के निशान होने से परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
संवाद सूत्र,माधोटांडा (पीलीभीत) : खेत की रखवाली करने गए किसान का शव पानी वाले सूखे नाला में पड़ा मिला। वारदात को लेकर खलबली मच गई। ग्रामीणों के साथ थाना पुलिस पहुंची। गर्दन पर चोट के निशान होने से परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
थाना क्षेत्र के गांव खीरी नौबरामद निवासी चरन सिंह (50) का बराही रेंज से सटा एक एकड़ खेत है,जिसमें फसल है। जंगली जानवरों से फसल को बचाने के लिए वह रात को खेत पर रहकर रखवाली करते थे। रोजाना की तरह बुधवार को भी घर से खाना बांधकर साइकिल से खेत की रखवाली करने करने गए थे। सुबह के समय खेत से आधा किमी. दूर एक नाला में कुछ लोगों ने शव पड़ा देखा। पास में ही साइकिल पड़ी थी। किसान की शिनाख्त के बाद वारदात की सूचना थाना पुलिस और उसके परिजनों को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच और जांच पड़ताल की। बताया जा रहा है कि किसान की गर्दन में खरोच के निशान थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसान चरन सिंह के भाई अमर सिंह की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है। किसान की छह पुत्रियों में दो की शादी हो चुकी है। चार अभी अविवाहित है। पत्नी कस्तूरी देवी और पुत्रियों का बुराहाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव उपाध्याय ने बताया कि परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने के लिए तहरीर दी थी। किसान की मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम में ही पता चल सकेगा।