बीसलपुर क्षेत्र में दर्जनों लोग हो रहे शिकार
आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्ते रोजाना दर्जनों लोगों को निशाना बना रहे हैं। वहीं स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तीन हफ्ते बाद सिर्फ 11 एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। ऐसे में कुत्ते के हमले में घायल लोगों को बाजार से महंगे दामों पर ही इंजेक्शन लगवाने पड़ रहे हैं।
पीलीभीत,जेएनएन : आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्ते रोजाना दर्जनों लोगों को निशाना बना रहे हैं। वहीं स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तीन हफ्ते बाद सिर्फ 11 एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। ऐसे में कुत्ते के हमले में घायल लोगों को बाजार से महंगे दामों पर ही इंजेक्शन लगवाने पड़ रहे हैं।
नगर समेत पूरे तहसील क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक है। कुत्ते सुबह से शाम तक सौ से अधिक लोगों को निशाना बना रहे हैं। कुत्ते के काटने से कई लोगों की जान भी जा चुकी है। आवारा कुत्तों के आतंक से बच्चों ने बाजार जाने से परहेज करना शुरू कर दिया है। बाजार से खाने पीने की चीज खरीदकर लौट रहे कई बच्चों को कुत्ते काटकर घायल कर चुके हैं। नगर व देहात क्षेत्रों में तमाम लोगों ने कुत्ते पाल रखे हैं। पालतू कुत्ते भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। पालतू कुत्तों का उनके मालिकों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है और न ही उनको एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवा कर रेबीज से मुक्त किया गया है। इन लोगों पर भी प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। पशुपालन विभाग तथा नगर पालिका परिषद प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। पालिका की ईओ वंदना शर्मा ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए शीघ्र अभियान शुरू कराने की बात कही है।
लंबे समय से क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। इन कुत्तों को पकड़ कर जंगल में छोड़ने का अभियान पशुपालन विभाग की ओर से नहीं चलाया जा रहा है। गांव में 15 दिनों में 6 लोगों को आवारा कुत्तों ने काट कर घायल किया है। जिससे ग्रामवासी कुत्तों से काफी भयभीत हैं।
-आदित्य कुमार ग्राम नौगमियां
ग्राम दियोरिया में लगभग 50 से 60 आवारा कुत्ते पूरे दिन गांव की गलियों में चक्कर काटते रहते हैं। कुत्ते काटने के बाद गांव के स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन ना होने के कारण उन्हें बीसलपुर सीएचसी पर वैक्सीन लगवाने आना पड़ता है।
फरमान खान ,दियोरिया कलां
गांव में दिनोंदिन आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आवारा कुत्ते गांव की गलियों से निकलने वाले लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। बीते दो दिन पूर्व उनको भी अपनी मढ़ी से बीसलपुर आते समय दो कुत्तों ने उन्हें काट कर घायल कर दिया।
अवनीशानंद, ग्राम चठिया
नगर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुत्ते अब लोगों को गलियों व सड़कों पर निकलते समय काट रहे हैं। इनके काटने से जरा सी लापरवाही में आदमी अपनी जान रेबीज जैसी बीमारी से गवां देता है। फिर भी प्रशासन इस ओर ध्यान देने की जरूरत नहीं दे रहा है।
-रामबेटी, मुहल्ला दुर्गा प्रसाद