दिलावरपुर समिति का कायाकल्प 2.20 लाख से शुरू
दशकों पहले बनाई गई दिलावरपुर की साधन सहकारी समिति के दिन बहुरने वाले हैं। जर्जर हालत में पहुंची चुकी समिति का लाखों की लागत से कायाकल्प शुरू हो गया है। शौचालय निर्माण के साथ ही प्रांगण में मिट्टी और जर्जर भवन की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही यह समिति बदली बदली नजर आएगी। कायाकल्प से किसानों की भी समस्याएं दूर होंगी।
संवाद सहयोगी, पूरनपुर (पीलीभीत) : दशकों पहले बनाई गई दिलावरपुर की साधन सहकारी समिति के दिन बहुरने वाले हैं। जर्जर हालत में पहुंची चुकी समिति का लाखों की लागत से कायाकल्प शुरू हो गया है। शौचालय निर्माण के साथ ही प्रांगण में मिट्टी और जर्जर भवन की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही यह समिति बदली बदली नजर आएगी। कायाकल्प से किसानों की भी समस्याएं दूर होंगी।
तहसील क्षेत्र के गांव दिलावरपुर की साधन सहकारी समिति का निर्माण वर्षों पहले कराया गया था। इस समिति से दर्जनों गांवों के किसान जुड़े हैं जिन्हें खाद बीज दिया जाता है। समिति का भवन पुरानी होने से खस्ताहाल हो गया था। कमरे और छत टूट गई थी। भवन का प्लास्टर भी छूटकर गिर रहा था। मामूली बरसात में ही कमरों में पानी भर जाता था। इससे खाद, बीज, सहकारी कागजात आदि खराब होने का डर रहता था। निर्माण के दौरान रंगाई पुताई का कार्य किया गया था। प्रांगण में जलभराव की समस्या किसानों के आडे़ आ रही थी। बरसात के समय समिति पर जलभराव हो जाता था। समिति पर आने वाले किसानों को अपने वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ते हैं। अब इस समिति में 2.20 लाख रुपये की लागत से कायाकल्प शुरू कर दिया गया है। समिति की मरम्मत के साथ ही शौचालय, प्रांगण में मिट्टी का कार्य कराया जाएगा। खाद गोदाम का कायाकल्प हो जाने से किसानों की समस्याएं काफी हद तक दूर हो जाएंगी। समिति के सचिव माधवराम ने बताया कि समिति की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।