नेपाल की बढ़ी गतिविधि के बीच बार्डर पर पहुंचे डीआइजी
पीलीभीत नो-मेंस लैंड पर नेपाल की बढ़ी गतिविधियों और कानपुर में पुलिस कर्मियों की हत्या में वांछित विकास दुबे के पीलीभीत के रास्ते भागने की आशंका के बीच बुधवार को बरेली रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) राजेश कुमार पांडेय बुधवार की दोपहर यहां पहुंचे।
पीलीभीत : नो-मेंस लैंड पर नेपाल की बढ़ी गतिविधियों और कानपुर में पुलिस कर्मियों की हत्या में वांछित विकास दुबे के पीलीभीत के रास्ते भागने की आशंका के बीच बुधवार को बरेली रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) राजेश कुमार पांडेय बुधवार की दोपहर यहां पहुंचे। पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों के साथ उत्तराखंड बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने न्यूरिया थाने में रुककर जिले के टॉप टेन अपराधियों के बारे में भी जानकारी हासिल की।
डीआइजी ने बताया कि उत्तराखंड बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था तथा न्यूरिया थाने का मुआयना करना ही उनके यहां आने का मकसद रहा। कानपुर कांड के मुख्य आरोपित विकास दुबे के पीलीभीत के रास्ते नेपाल फरार होने की आशंका के संबंध में पूछे जाने पर डीआइजी ने कहा कि पीलीभीत जिले में स्थित बार्डर एरिया से नेपाल जाना बेहद मुश्किल है, फिर भी जिले में पुलिस इस मामले को लेकर भी सतर्कता बरत रही है। गौरतलब है कि पांच जुलाई को नेपाल ने नो-मेंस लैंड में सड़क निर्माण का प्रयास किया था, जिसे पीलीभीत के जिलाधिकारी ने रुकवा दिया था। इसके बाद से यहां तनाव की स्थिति सी है। इस संबंध में गुरुवार को दोनों देशों के अधिकारियों के बीच वार्ता भी होनी है।
बार्डर बैरियर पर करीब 20 मिनट रुकने के बाद डीआइजी मझोला चौकी पर पहुंचे। वहां कुछ देर रुककर अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति के बाबत जानकारी की। जिसके बाद वह सीधे न्यूरिया थाने पहुंचे। निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जिले के टाप टेन अपराधियों के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश ने बताया कि जिले में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। गैंगस्टर तथा गुंडा एक्ट के तहत अपराधियों को निरुद्ध किया जा चुका है। वहीं हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के बारे में भी थाना स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। इस दौरान सीओ सदर प्रमोद कुमार, न्यूरिया थाना प्रभारी खीम सिंह जलाल भी मौजूद रहे।
-------
हर पखवाड़े बार्डर एरिया का निरीक्षण करने के निर्देश
शासन स्तर से डीआइजी को हर पखवाड़े इटरनेशनल बार्डर एरिया में सुरक्षा व्यवस्था आदि का निरीक्षण करने के निर्देश पूर्व में जारी किए गए थे। जिसके तहत डीआइजी और मंडलायुक्त 14 जून को माधोटांडा थाना क्षेत्र के रमनगरा के पास स्थित भारत नेपाल सीमावर्ती इलाके का निरीक्षण करने आए थे। बुधवार को डीआइजी भी इसी क्रम में मझोला क्षेत्र में स्थित उत्तराखंड बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे थे।