तराई में कोहरे से राहत, ठिठुरन बरकरार
सुबह वातावरण में तो कोहरा नहीं रहा लेकिन आसमान पर परत जमी रही। हालांकि सुबह करीब दस बजे कोहरे की परत को चीरकर सूर्यदेव चमक उठे। कई दिन बाद अच्छी धूप खिली जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल गई लेकिन बर्फीली हवा के चलते ठिठुरन बनी रही।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : सुबह वातावरण में तो कोहरा नहीं रहा लेकिन आसमान पर परत जमी रही। हालांकि सुबह करीब दस बजे कोहरे की परत को चीरकर सूर्यदेव चमक उठे। कई दिन बाद अच्छी धूप खिली, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल गई लेकिन बर्फीली हवा के चलते ठिठुरन बनी रही।
सुबह जब लोग सोकर उठे तो वातावरण साफ पाया। कोहरा वातावरण में तो नहीं छाया लेकिन आसमान पर कोहरे की परत जमी रही। सुबह करीब दस बजे कोहरे की परत को चीरकर सूर्यदेव चमकने लगे। बुजुर्गों ने खुले में बैठकर गुनगुनी धूप का आनंद लिया। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार गुरुवार को तराई के जिले में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री तथा न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उनका कहना है कि उत्तर पश्चिम हवा चलने की वजह से कोहरा नहीं आया। यह हवा चलती रही तो शुक्रवार को भी कोहरे से राहत रहेगी,लेकिन इससे ठिठुरन फिर भी बनी रहेगी। बर्फीली हवा का दौर अभी एक-दो दिन और चलने की संभावना है, उसके बाद इसके राहत मिल जाएगी। सुबह के समय कोहरा आएगा लेकिन उसके छंटते ही अच्छी धूप खिलेगी, जिससे शीतलहर कम होती जाएगी।