बेहद ठंडी रही पूस की पहली रात
पूस के महीने की पहली रात बेहद ठंडी रही। अब तक के मौसम में न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। बारिश का सिलसिला तो बंद हो गया लेकिन आसमान पर पूरे दिन बादल उमड़ते रहे। बादलों को चीर कर कुछ देर के लिए सूर्यदेव चमक उठे लेकिन लोगों को धूप में कोई खास गर्माहट महसूस नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : पूस के महीने की पहली रात बेहद ठंडी रही। अब तक के मौसम में न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। बारिश का सिलसिला तो बंद हो गया लेकिन आसमान पर पूरे दिन बादल उमड़ते रहे। बादलों को चीर कर कुछ देर के लिए सूर्यदेव चमक उठे लेकिन लोगों को धूप में कोई खास गर्माहट महसूस नहीं हुई। तराई में लगातार तीसरे दिन भी लोगों ने शीतलहर का अहसास किया। जिलाधिकारी के आदेश पर स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया था, इस कारण स्कूली बच्चों को राहत मिली।
शनिवार को बारिश नहीं हुई लेकिन आसमान पर बादल सुबह से ही उमड़ने लगे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे बादलों को चीरकर सूर्यदेव चमक उठे। ऐसे में लोगों को लगा कि अब बादल छंट जाएंगे और अच्छी धूप खिलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ, कुछ देर बाद ही सूर्य भी बादलों की ओट में हो गया। साथ ही हवा भी चल पड़ी। ऐसे में तीसरे दिन भी लोगों को शीतलहर का अहसास हुआ। दोपहर बाद करीब चार बजे बादल कुछ छंटे तो अस्ताचलगामी सूर्य चमक उठे लेकिन लोगों को धूप में गर्माहट नहीं महसूस हुई। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार की रात में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जोकि इस सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान रहा। उन्होंने बताया कि रविवार को भी आसमान पर बादल तो आएंगे,लेकिन बारिश नहीं होगी। सोमवार से आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। कोहरा का दौर शुरू हो जाने की संभावना है।