आसमान पर उमड़े बादल बिना बारिश के चले गए
आसमान पर बादल तो रोज उमड़ रहे हैं लेकिन ढंग से बारिश नहीं हो रही। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी से जूझना पड़ रहा है। अक्सर रात के समय भी काफी उमस रहती है।
पीलीभीत,जेएनएन : आसमान पर बादल तो रोज उमड़ रहे हैं लेकिन ढंग से बारिश नहीं हो रही। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी से जूझना पड़ रहा है। अक्सर रात के समय भी काफी उमस रहती है।
शुक्रवार को सुबह से शाम तक दिन भर में कई बार आसमान पर बादल उमड़े लेकिन बारिश नहीं हुई। विगत बुधवार की रात चंद मिनट तक हल्की बारिश हुई लेकिन इसके बाद से उमस बढ़ गई। हवा एकदम बंद होने से वातावरण में उमस भरी गर्मी पैदा हो गई। इससे लोग खासे परेशान रहे। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार अब बारिश की संभावना काफी कम रह गई है। मानसून सीजन अब समाप्ति की ओर है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास चल रहा है जबकि न्यूनतम तापमान 25.26 डिग्री पर है। वातावरण में गर्मी महसूस की जा रही है।