दूसरे दिन भी उमड़े बादल, हल्की बूंदाबांदी
दूसरे दिन भी आसमान पर बादल उमड़ते रहे। इस दौरान पूरनपुर क्षेत्र में बूंदाबांदी भी हुई। धूप नहीं खिलने की वजह से ठंड बढ़ गई है। इस वजह से लोगों को गर्म कपड़े पहनना शुरू कर देना पड़ा। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : दूसरे दिन भी आसमान पर बादल उमड़ते रहे। इस दौरान पूरनपुर क्षेत्र में बूंदाबांदी भी हुई। धूप नहीं खिलने की वजह से ठंड बढ़ गई है। इस वजह से लोगों को गर्म कपड़े पहनना शुरू कर देना पड़ा। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है।
सुबह के समय बुधवार की भांति मौसम साफ था लेकिन फिर अचानक आसमान पर बादल उमड़ने लगे। इससे सूर्यदेव बादलों की ओट में छिपे रहे। धूप नहीं खिलने के कारण वातावरण में ठंड भी बढ़ गई। इसी वजह से लोग गर्म वस्त्रों में नजर आने लगे। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.6 व न्यूनतम 17.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय पूरनपुर क्षेत्र में कुछ देर बूंदाबांदी भी हुई है। डॉ. ढाका के मुताबिक अरब सागर में जो तूफान उठ रहा है। इसी की वजह से यहां का मौसम भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी आसमान पर इसी तरह से बादल उमड़ते रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।