स्वच्छता सर्वे के दौरान सफाई व्यवस्था चौपट
हम नहीं सुधरेंगे..शहर की सफाई व्यवस्था के प्रति नगर पालिका प्रशासन का रवैया इसी तर्ज पर चल रहा है। पहले गंदगी के कारण जानलेवा संक्रामक बीमारियों का प्रकोप फैला था।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : हम नहीं सुधरेंगे..शहर की सफाई व्यवस्था के प्रति नगर पालिका प्रशासन का रवैया इसी तर्ज पर चल रहा है। पहले गंदगी के कारण जानलेवा संक्रामक बीमारियों का प्रकोप फैला था। जिला प्रशासन से लेकर शासन तक हरकत में आया, लेकिन सफाई व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हो सका। अब स्वच्छता सर्वे के दौरान भी सफाई व्यवस्था चौपट है। यह हालात तब हैं, जब दो दिन पहले ही मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने स्वच्छता सर्वे के मद्देनजर अधिशासी अधिकारी को साफ सफाई के प्रति विशेष ध्यान देने की कड़ी हिदायत दी थी। शहर में अभी भी जहां तहां कूड़े के ढेर पालिका प्रशासन की कार्यशैली का नमूना पेश कर रहे हैं। सुबह सफाई कर सड़कों पर अस्थाई डलावघरों से कूड़ा उठाने में पहले की तरह मनमानी हो रही है। प्राय: ही नगर पालिका की गाड़ी कूड़ा उठाने दोपहर में बीच सड़क पर खड़ी हो जाती है, जिस कारण लोगों को ट्रैफिक जाम से भी जूझना पड़ता है। गुरुवार को भी सफाई व्यवस्था की हकीकत परखने का प्रयास किया गया। तब जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई दिए।
शहर में सुनगढ़ी थाने से स्टेडियम जाने वाला मुख्य मार्ग हो या बुजकसाबान मुहल्ला या फिर रामा कालेज मार्ग। हर जगह पालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा लगाए कूड़े के ढेर दोपहर तक नजर आ रहे थे। कूड़े के ढेरों पर घूमने वाले बेसहारा पशु भी राहगीरों पर हमलावर हो जाते हैं। ---लोगों की बात--
शहर में रामा कालेज मार्ग पर कूड़े के ढेर मुसीबत का सबब है। इस बारे में शिकायत करने के बाद भी कोई सुधार नहीं हो रहा है। रामा इंटर कालेज मार्ग पर कूड़े का ढेर होने की वजह से जाम की समस्या भी बनी रहती है। कूड़े का ढेर को लेकर कोई समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। - आशु अग्रवाल
शहर के नखासा मुहल्ले में कूड़े के ढेर उठाने को लेकर पालिका द्वारा कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। जिससे जनता को समस्या हो रही है। विभिन्न संचारी रोगों को बढ़ावा मिल रहा है। दिन भर कूडे़ ढेर लगे रहते हैं। जिससे बेसहारा पशु घूमते रहते हैं। कूड़े को सड़क पर फैला देते हैं।
प्रदीप कुमार व्यापारी
सड़कों पर पालिका कर्मचारी ही जगह जगह कूड़े के ढेर लगाते हैं। वहीं नाले की सफाई भी काफी समय से पालिका द्वारा नहीं कराई गई है। जिससे हल्की सी बारिश में नाला चोक होने के कारण पानी सड़क पर बहने लगता है।
-जगमोहन यादव
कूड़ा कब उठेगा यह तो भगवान भरोसे है। सुबह जब दुकान खोलते हैं तो निजी कर्मचारियों से कूड़े को दुकान के सामने से हटवाते हैं। कूड़े का ढेर दोपहर दो बजे तक लगा रहता है। कभी कभार तो कूड़े का उठान पालिका के कर्मचारी करते ही नहीं हैं।-
चंद्र भूषण सिंह सुबह जल्दी ही कूड़े के उठान को लेकर पालिका के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। इसके बाद भी यदि कोई कर्मचारी लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी हाल ही में सफाई नायकों का कार्य में लापरवाही बरतने पर एक दिन का वेतन काटा गया है। - निशा मिश्रा,ईओ नगर पालिका