शहर के प्रवेश द्वार का बदलेगा नजारा
असोम चौराहा इस शहर का प्रवेश द्वार माना जाता है। बाहर से आने वाले लोगों को आकर्षित करने के लिए इस चौराहा का सुंदरीकरण कराने की योजना बन रही है। जिलाधिकारी स्वयं इसमें रुचि दिखा रहे हैं। ऐसे में योजना पर जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है। यह शहर के सबसे बड़ा एवं महत्वपूर्ण चौराहा है।
पीलीभीत,जेएनएन : असोम चौराहा इस शहर का प्रवेश द्वार माना जाता है। बाहर से आने वाले लोगों को आकर्षित करने के लिए इस चौराहा का सुंदरीकरण कराने की योजना बन रही है। जिलाधिकारी स्वयं इसमें रुचि दिखा रहे हैं। ऐसे में योजना पर जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है। यह शहर के सबसे बड़ा एवं महत्वपूर्ण चौराहा है।
इस चौराहा से होकर बरेली, उत्तराखंड, बीसलपुर, शाहजहांपुर, पूरनपुर, लखीमपुर खीरी की ओर जाने वाले वाहनों का चौबीस घंटे आवागमन लगा रहता है। यहां पर सुनगढ़ी थाना की पुलिस चौकी भी स्थापित है। कई साल पहले चौराहा का चौड़ीकरण किया गया था लेकिन सड़कों के किनारे लोगों ने अतिक्रमण कर लिया। जिससे चौराहा फिर सिकुड़ने लगा है। जिला प्रशासन ने अब इस चौराहा का सुंदरीकरण कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन का मानना है कि बाहर से आने वाले लोगों को चौराहा का लुक आकर्षित करे, ऐसी व्यवस्था यहां पर कराई जाएगी। चौराहा के बिल्कुल बीचोबीच में छोटा सा पार्क भी है लेकिन अभी तक बदहाल पड़ा रहता है। इस पार्क में हरियाली विकसित करने के साथ ही लाइटें लगवाई जाएंगी, जिससे रोशनी में इस पार्क की छटा बाहर से आने वाले पर्यटकों को लुभा सके। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद यहां पर पेवर ब्लॉक से आकर्षक फुटपाथ बनाए जाएंगे। अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों को यहां से हटाया जाएगा। जिससे यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहे। इसकी जिम्मेदारी सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह को सौंपी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट का कहना है कि जल्द ही कार्ययोजना बनाकर काम शुरू करा दिया जाएगा।