सोशल इंजीनियरिग से 2007 दोहराएंगे : चंद्रशेखर
बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद का दावा है कि सोशल इंजीनियरिग के माध्यम से पार्टी 2007 के विधानसभा चुनाव जैसे परिणाम दोहराएगी। जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बसपा का 40 से 50 हजार तक कैडर आधार वोट है। सर्वसमाज को जोड़ने से हमारी ताकत और बढ़ रही है। वह कहते हैं कि कुछ लोगों के पार्टी छोड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।
पीलीभीत,जेएएन : बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद का दावा है कि सोशल इंजीनियरिग के माध्यम से पार्टी 2007 के विधानसभा चुनाव जैसे परिणाम दोहराएगी। जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बसपा का 40 से 50 हजार तक कैडर आधार वोट है। सर्वसमाज को जोड़ने से हमारी ताकत और बढ़ रही है। वह कहते हैं कि कुछ लोगों के पार्टी छोड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। दैनिक जागरण से साक्षात्कार में बुधवार को बसपा जिलाध्यक्ष ने विधान सभा चुनाव तैयारियों पर बातचीत की।
सवाल : पिछले दो विधानसभा चुनाव में बसपा जिले की एक भी सीट नहीं जीत सकी। ऐसे में इस बार क्या तैयारी है।
जवाब : वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने जिले में दो सीटें जीती थीं। तब भी सोशल इंजीनियरिग से सफलता मिली थी और इस बार फिर उसी फार्मूले पर पार्टी चल पड़ी है। ऐसे में 2007 दोहराते हुए पहले से अच्छी सफलता हासिल करेंगे। फिलहाल पार्टी की स्थिति चारों सीटों पर मजबूत है।
सवाल : जिन सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत मान रहे हैं, उसका आधार क्या है।
जवाब : जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 40 से 50 हजार आधार वोट है। इसके अलावा हम सर्वसमाज को जोड़ रहे हैं। इससे पार्टी की ताकत लगातार बढ़ रही है।
सवाल : क्या कारण है कि कुछ समय से पार्टी छोड़कर कई नेता दूसरे दलों में चले गए। क्या इससे पार्टी कमजोर नहीं हुई।
जवाब : अवसरवादी लोग हर दल में होते हैं। वे अवसर देख पाला बदल लेते हैं। जनता ऐसे नेताओं को पसंद नहीं करती। बसपा की प्रदेश में जब जब सरकार रही, तब विकास के ठोस कार्य हुए। भाजपा को छलावा है। छल करके जनता के वोट लेकर सरकार बनाई लेकिन न किसानों को कुछ मिला और न ही युवाओं को। भाजपा सरकार से लोगों का मोह भंग हो चुका है। बसपा शासन में सभी वर्गों के हितों के लिए काम होते रहे हैं।