भाजपाइयों ने सीएए के समर्थन में बनाई मानव श्रंखला
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में मानव श्रंखला बनाकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में मानव श्रंखला बनाकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
भाजयुमो के जिलाध्यक्ष राजू लोधी के नेतृत्व में शहर के रामा गार्डन में बुधवार दोपहर बड़ी संख्या में भाजयुमो के कार्यकर्ता तिरंगा झंडा व सपोर्ट सीएए, सपोर्ट मोदी, सपोर्ट एनआरसी की तख्ती लेकर रामा गार्डन से मुख्य बाजार तक मानव श्रंखला एक दूसरे का हाथ पकड़कर बनाई। लोगों को नागरिकता संशोधन कानून की जानकारी दी। मानव श्रंखला के दौरान युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने कहा कि एनआरसी व सीएए का पूर्ण समर्थन सभी कार्यकर्ता करते हैं। यह कानून लोगों को नागरिकता देने के लिए है न की छीनने के लिए। मानव श्रंखला के समापन के दौरान कार्यकर्ताओं को रामा गार्डन में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सीएए अपनों के लिए है। यह कानून किसी के खिलाफ नहीं है। सभी को इसका समर्थन करना चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह अपने आसपास रहने वाले लोगों को सीएए व एनआरसी की जानकारी दें। ब्रज प्रांत से आए भाजयुमो क्षेत्रीय उपाध्यक्ष धर्म विजय गंगवार ने कहा सीएए उन शरणार्थियों के लिए है जो वर्षो से पाकिस्तान, बांग्लादेश-अफगानिस्तान में प्रताड़ित हो रहे थे। ऐसे लोगों के लिए नागरिकता देने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर जिला महामंत्री यादविदर सिंह, अमन, अमरपाल, हर्षित, गौरव, दिनेश कश्यप, प्रसून तिवारी, मोहित सक्सेना, सुषमा देवी, जयराम वर्मा, मुकेश गुप्ता, लक्ष्मीकांत भोजवाल, अमित कुशवाहा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-----------