भाकियू (भानु) के कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम
भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों के समर्थन में जुलूस निकालकर टनकपुर रोड पर जाम लगाया। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। जाम लगने की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों के काफी समझाने के बाद कार्यकर्ता माने तब जाम खुल सका। इस दौरान तमाम वाहन जाम में फंसे रहे।
पीलीभीत,जेएनएन : भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों के समर्थन में जुलूस निकालकर टनकपुर रोड पर जाम लगाया। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। जाम लगने की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों के काफी समझाने के बाद कार्यकर्ता माने, तब जाम खुल सका। इस दौरान तमाम वाहन जाम में फंसे रहे।
मंगलवार को अपराह्न यूनियन के जिलाध्यक्ष भजन लाल क्रोधी के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता रामलीला मैदान पर एकत्र हुए। यहां हुई पंचायत में कहा गया कि क्रय केंद्रों पर अपने धान की तौर कराने के लिए किसान हफ्तों तक डेरा डाले रहते हैं लेकिन फिर भी उनका धान नहीं खरीदा जाता। कहीं बारदाना की कमी बता दी जाती है तो कहीं कोई और बहाना कर दिया जाता है। इसी तरह से किसानों को पिछले पेराई सत्र का पूरा गन्ना मूल्य भुगतान अभी तक नहीं मिल सका है। मांग की गई कि क्रय केंद्रों पर सभी किसानों के धान की तौल कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जो किसान धान बेच चुके हैं, उसका मूल्य भुगतान उनके बैंक खातों में भेजा जाए। पिछले सत्र का बकाया गन्ना मूल्य ब्याज सहित जल्द दिलाया जाए। इसके अलावा नए कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग की गई। पंचायत के बाद जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता टनकपुर रोड स्थित उपाधि महाविद्यालय चौराहा पर जा पहुंचे और जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों वाहनों वाहनों की कतारें लगने लगीं। सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम, सुनगढ़ी के इंस्पेक्टर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी ने पदाधिकारियों से वार्ता करके उनकी मांगें जिलाधिकारी तक पहुंचाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
दिल्ली आंदोलन में शामिल होने के लिए किसान रवाना
पूरनपुर : कृषि कानून के विरोध में दिल्ली में लामबंद हो रहे किसानों के समर्थन में यहां से भी बड़ी संख्या में किसान रवाना हुए। अन्य कई किसान पहले ही दिल्ली में जाकर आंदोलन में शामिल हो गए हैं।
केंद्र सरकार की तरफ से किसान हित के लिए पारित किए गए तीन कानूनों को वापस लेने के लिए देश भर से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली में एकजुट हो रहे है। उन किसानों के साथ लामबंद होकर आवाज बुलंद करने के लिए तहसील क्षेत्रों से भी किसान दिल्ली के लिए रवाना होने लगे हैं। पूरनपुर तहसील क्षेत्र से कई किसान पहले ही दिल्ली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हो चुके हैं। अन्य किसानों का पहुंचने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन पूरनपुर के कार्यकर्ता क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसानों को लेकर बस, ट्रैक्टर ट्राली, कार में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। धरना प्रदर्शन में जाने वालों में स्वराज सिंह, लालू मिश्र, बच्चू लाल, मनवीर सिंह, बलजीत सिंह, रंजीत सिंह, मंदीप सिंह, रामकुमार प्रजापति, घासीलाल, अंग्रेज सिंह किसान शामिल रहे।