दुबे तालाब का सुंदरीकरण शुरू
बीसलपुर नगर के प्रमुख दुबे तालाब की बदहाली की खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया है। नौ लाख रुपये से तालाब का कायाकल्प करने के लिए निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।
पीलीभीत,जेएनए: बीसलपुर नगर के प्रमुख दुबे तालाब की बदहाली की खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया है। नौ लाख रुपये से तालाब का कायाकल्प करने के लिए निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।
नगर के मुहल्ला दुबे में जमीदार सेवक राम दुबे की ओर से ब्रिटिश हुकूमत में तालाब का निर्माण कराया गया था। बाद में इस तालाब का नाम दुबे तालाब रख दिया गया। तालाब के पास ही सुंदर बगीचा लगाया गया था। लोगों के बैठने के लिए पैरकारी बनवाई गई थी। पुरुषों के स्नान के लिए गौ घाट बनवाया गया था। जमीदार दुबे ने महल के अंदर से ही तालाब नई सुरंग बनवाई थी। तालाब अपनी सुंदरता के लिए पूरे क्षेत्र में जाने जाने लगा। देखरेख के अभाव में तालाब वीरान होने लगा था। दैनिक जागरण द्वारा चलाई गई तालाब बचाओ जागरूकता अभियान से प्रभावित होकर पूर्व पालिका अध्यक्ष छेदा लाल जयसवाल ने अपने कार्यकाल में तालाब की सफाई कराई थी। समाजसेवी संस्था लोक कल्याण समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता एवं समुंद्र संस्था के अध्यक्ष डा. सवितुर प्रकाश ने संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान कर तालाब की साफ-सफई में सहयोग दिया था। बारिश होने पर तालाब पानी से लबालब भर गया था और तालाब को नया जीवन मिला था। देखरेख के अभाव में तालाब पूरी तरह से सूख गया और इसमें मवेशी चरने लगे। दैनिक जागरण ने 4 अप्रैल के अंक में तालाब की बदहाली को फोटो समेत प्रकाशित किया था।
खबर को गंभीरता से लेते हुए पालिका प्रशासन ने तालाब का सुंदरीकरण कराने का निर्णय लिया। बोर्ड की बजट बैठक होने के बाद पालिका प्रशासन ने तालाब का सुंदरीकरण कराने के लिए नौ लाख रुपये की रकम स्वीकृत कर दी। अधिशासी अधिकारी वंदना शर्मा ने बताया कि तालाब के सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया।