पूरी रात गुल रही अशोक कालोनी की बिजली
पीलीभीत,जेएनएन : शहर में बिजली आपूर्ति की अव्यवस्था लगातार बनी हुई है। बुधवार की रात शहर की पाश कालोनी अशोक नगर की बिजली गुल रही। ऐसे में उपभोक्ता उमस भरी गर्मी में बगैर बिजली काफी परेशान रहे। इससे पहले मंगलवार की रात चौक बाजार और मुहल्ला फीलखाना की बिजली गुल हो गई। चौक बाजार में तो लाइन फाल्ट दुरुस्त हो जाने बाद आधी रात को बिजली आपूर्ति बहाल हो गई लेकिन फीलखाना के उपभोक्ताओं को पूरी रात अंधेरे में रहना पड़ा।
पाश कालोनी अशोक नगर में मंगलवार की रात भी एक फेस गायब रहा। बुधवार की रात तो पूरी कालोनी की बिजली गुल हो गई। विभाग के कर्मचारी मशक्कत करते रहे लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस बीच कालोनी में उपभोक्ताओं के घरों में लगे इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। इससे समस्या और बढ़ गई। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को आई। क्योंकि रात में बिजली न होने से उनकी नींद पूरी नहीं हो सकी और सुबह उन्हें जल्दी उठना पड़ा। बहरहाल गुरुवार को सुबह फाल्ट दुरुस्त किया जा सका, तब बिजली सुचारू हुई। इससे पहले मंगलवार को चौक बाजार में रात करीब नौ बजे अचानक बिजली गुल हो गई। इस पर उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के वाट्सएप पर शिकायत दर्ज कराई। तब बताया गया कि कहीं पर तार टूट गया है। इसी से बिजली आपूर्ति बाधित है। बाद में आधी रात को लाइन फाल्ट दुरुस्त हो जाने पर आपूर्ति बहाल हुई। दूसरी ओर शहर के मुहल्ला फीलखाना में भी रात में बिजली गुल रही। इस मुहल्ले को नगर पालिका के वाटर वर्क्स परिसर में लगे ट्रांसफार्मर से आपूर्ति दी जाती है। इस ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। विद्युत विभाग की टीम काफी देर तक जुटी रही लेकिन ट्रांसफार्मर चालू नहीं हो सका। ऐसे में मुहल्ले के लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। बुधवार को सुबह भी बिजली आपूर्ति सुचारू न होने के कारण उपभोक्ताओं को पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा। दोपहर में नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। तब मुहल्ले की बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। अवर अभियंता जहांगीर आलम के अनुसार वाटर वर्क्स परिसर में लगा 250केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। ऐसे में न्यूरिया से दूसरा ट्रांसफार्मर मंगाकर लगाया गया। इसके बाद बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी गई। उन्होंने बताया कि फाल्ट की वजह से ही अशोक कालोनी की बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। सुबह फाल्ट दुरुस्त कराकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई।
इन दिनों बिजली सप्लाई की हालत बेहद लचर है। दिन में बार-बार ट्रिपिंग होती रहती है। बुधवार को तो पूरी रात बिजली गायब रही। इससे बहुत दिक्कत आई। इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए थे। सुबह बिजली आई, तब राहत मिली।
रचना आनंद
बिजली किसी भी वक्त ठप हो जाती है। ट्रिपिंग की समस्या तो लगातार बनी हुई है। सप्लाई के दौरान वोल्टेज काफी कम आ रहे हैं। कई बार बिजली के उपकरण लो वोल्टेज के कारण चलते ही नहीं हैं। इसमें सुधार होना चाहिए।
रीना साहनी
पूरी पूरी रात बिजली गायब रहने से बड़ी समस्या आ जाती है। दिक्कत तब और बढ़ जाती है जब इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो जाए। बिजली नही होने पर पानी की मोटर भी नहीं चलती। ऐसे में पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ता है।
रिचा गुप्ता
इस बार गर्मियों के सीजन में बिजली ज्यादा ही परेशान कर रही है। रोज फाल्ट हो रहे हैं। तेज हवा चल जाए तो फिर पूरी रात बिजली आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधर पाती है। पुरानी लाइनों के तार टूटने पर कई घंटे लाइन की मरम्मत में निकल जाते हैं। श्वेता त्रिपाठी