तीन बच्चों समेत आठ नए कोरोना पॉजिटिव
जनपद में चौबीस घंटे के दौरान दूसरी बार कोरोना बम फूटा है। जिसके तहत जिले में आठ नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। आठ केसों में छह केस पूर्व में संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में रहे लोगों के हैं। जिसमें तीन केस बरहा निवासी व्यक्ति के साथ दिल्ली से लौटे लोगों के पाए गए हैं। इसके अलावा तीन अन्य केस जिरौनियां में संक्रमित पाए गए परिजनों के हैं।
जेएनएन, पीलीभीत: जनपद में चौबीस घंटे के दौरान दूसरी बार कोरोना बम फूटा है। जिसके तहत जिले में आठ नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। आठ केसों में छह केस पूर्व में संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में रहे लोगों के हैं। जिसमें तीन केस बरहा निवासी व्यक्ति के साथ दिल्ली से लौटे लोगों के पाए गए हैं। इसके अलावा तीन अन्य केस जिरौनियां में संक्रमित पाए गए परिजनों के हैं। बुधवार को आई रिपोर्ट में दो फ्रेश केस पूरनपुर व बीसलपुर क्षेत्र के भी पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी संक्रमितों को शहर के आयुर्वेदिक कॉलेज स्थित एल वन
कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कराकर उपचार शुरू करा दिया गया है।
संक्रमित क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन कराकर एसीएस कराने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद में कुल केसों की संख्या 72 हो गई है जिसमें 29 एक्टिव केस हैं।
बरहा संक्रमित के साथ लौटे तीन अन्य संक्रमित:
6 जून को बरहा की श्रीराम कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति को कोरोना संक्रमित पाया गया था। मंगलवार को संक्रमित के परिवार व पड़ोस के चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। बुधवार शाम आई रिपोर्ट में बरहा निवासी संक्रमित व्यक्ति के साथ 3 जून को दिल्ली से लौटी उसकी 24 वर्षीय बहन, 28 वर्षीय जीजा व 2 साल का भांजा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। ये लोग पूरनपुर के सुखदासपुर क्षेत्र के निवासी हैं। सभी लोग सैंपल होने के बाद से शहर के अग्रवाल सभा
क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे थे। रिपोर्ट आने के बाद तीनों लोगों को कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया। अब तक बरहा निवासी संक्रमित समेत उससे संबंधित आठ लोग कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं।
जिरौनियां संक्रमित महिला के भांजा-भांजी समेत तीन संक्रमित: विगत 5 जून को जिरौनियां में दिल्ली से लौटे एक व्यक्ति को कोरोना संक्रमित पाया गया था। मंगलवार को आई दस लोगों की रिपोर्ट में उसकी पत्नी, पुत्र व पत्नी की बहन कोरोना संक्रमित पाई गई थी। बुधवार को संक्रमितों की सूची में पत्नी की बहन का 30 वर्षीय पति व दोनों बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये सभी लोग भी साथ में ही दिल्ली से लौटे थे। यह परिवार पूरनपुर के इटौरिया क्षेत्र का निवासी है। संक्रमित बच्चों में 4 वर्षीय लड़का व 2 वर्षीय लड़की शामिल है।
पूरनपुर देहात में दिल्ली से लौटा युवक संक्रमित: पूरनपुर देहात क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक दिल्ली से लौटा था। संक्रमित पाए गए युवक को ट्रेस कर
कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट करा दिया गया। उसके परिजनों को क्वारंटाइन किया गया है। सभी का सैंपल भेजा जाएगा। बीसलपुर के मोहल्ला दुबे में संक्रमित: बीसलपुर के मुहल्ला दुबे निवासी 34 वर्षीय व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। व्यक्ति 6 जून को रोडवेज बस द्वारा दिल्ली से वापस लौटा था। 7 जून को सैंपल भेजकर व्यक्ति को होम क्वारंटाइन किया गया। बुधवार को आई रिपोर्ट में व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। बीसलपुर एमओआईसी डॉ. ठाकुर दास ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को कोविड हॉस्पिटल भिजवाया। संक्रमित व्यक्ति के 13 परिजनों को सैंपल के लिए मुख्यालय भेजा गया है। सभी को क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा।
बुधवार शाम 144 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसमें आठ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। छह लोग
क्वारंटाइन सेंटर में पहले से निगरानी में थे। सभी आठों संक्रमितों को कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट करा दिया गया है। टीमों को सैनिटाइजेशन कराकर एसीएस के निर्देश दिए गए हैं। कोविड हॉस्पिटल में बच्चों की बढ़ती संख्या के मद्दनेजर आवश्यक एहतियात बरते जा रहे हैं। बच्चों को उनकी मां के साथ अलग कमरे में रखा गया है। सभी मरीज एसिम्प्टोमैटिक हैं। घबराने की कोई बात नहीं है। लोग गाइडलाइन का पालन करें। मास्क पहनें, हाथ धोते रहें व अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। बाहर जाएं तो शारीरिक दूरी का ध्यान रखें।
- डॉ. सीमा अग्रवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी