प्रभागीय निदेशक ने बेटा के नाम दिए 501 पौधे
जनपद में हरियाली बढ़ाने के लिए हरियाली अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों की सहभागिता को सुनिश्चित किया जा रहा है।
पीलीभीत : जनपद में हरियाली बढ़ाने के लिए हरियाली अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों की सहभागिता को सुनिश्चित किया जा रहा है। सामाजिक वानिकी के प्रभागीय निदेशक ने बेटा के नाम 501 पौधों का दान किया है, जो निजी भूमि पर रोपित किए जाएंगे। ग्रामीण भी पौधे दान कर रहे हैं। हरीतिमा अभियान के तहत मुख्यमंत्री कृषक वृक्ष धन योजना, मुख्यमंत्री फलोद्यान योजना, मुख्यमंत्री सामुदायिक वानिकी योजना, एक व्यक्ति एक वृक्ष योजना, वृक्ष भंडारा योजना, वृक्षारोपण के लिए दान योजना, जैविक प्रबंधन योजना, जल संरक्षण योजना आदि योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं के बारे में आम जनता को जानकारी दी जा रही है। वर्षाकाल में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पौधे रोपित किए जाएंगे। सामाजिक वानिकी के प्रभागीय निदेशक आदर्श कुमार ने हरीतिमा अभियान में अपने बेटे के नाम 501 पौधे दान दिए हैं, जो गांव फूटाकुआं निवासी राम औतार मौर्य के निजी भूमि पर लगाए जाएंगे। इनकी भूमि पर कुल 1100 पौधे रोपित किए जाएंगे। ग्रामीण ने संकल्प पत्र भरकर दे दिया है। पौधे रोपित करने के बाद संरक्षण करने का भी काम करेंगे। क्षेत्रीय वनाधिकारी सतेंद्र चौधरी ने ब्लाक ललौरीखेड़ा के गांव करहिया नवादा में गोष्ठी कर ग्रामीणों को हरीतिमा अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। पौधरोपण से होने वाले लाभ के बारे में बताया गया।