पूरनपुर पहुंचे तीन सौ प्रवासी मजदूर
प्रवासी मजदूरों का आने का क्रम लगातार जारी है। बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
जेएनएन, पूरनपुर: प्रवासी मजदूरों का आने का क्रम लगातार जारी है। बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी की थर्मल स्क्रीनिग कर उन्हें होम क्वारंटाइन किया जा रहा है।
तहसील क्षेत्र के गांवों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश के अलावा प्रदेश के जिलों में काम करने गए लोग लॉकडाउन के कारण वहीं फंस गए थे। सरकार की तरफ से सभी को घर जाने की राहत दे दी गई है। इसपर बड़ी संख्या में लोग अपने अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं। महाराष्ट्र कोरोना संक्रमण को लेकर काफी प्रभावित होने से सुरक्षा की दृष्टि से वहां आने वाले लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की पैनी नजर है। शनिवार को पूरनपुर में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा के अलावा अन्य प्रांतों और जिलों से करीब तीन सौ प्रवासी मजदूर पहुंचे। इन सभी की नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में थर्मल स्क्रीनिग की गई। 21 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन किया गया है। मुंबई से आने वालों की सैंपलिग भी जल्द ही कराई जाएगी।