नमाज पढ़ाने के विवाद में 25 लोग पाबंद
शहर के मुहल्ला भू्रे खां स्थित बेगम बादशाह मस्जिद में नमाज पढ़ाने को लेकर उपजे विवाद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के 25 लोगों को पांच-पांच लाख रुपये के निजी मुचलके पर पाबंद किया है। इसके अलावा विवादित मस्जिद के आसपास फोर्स तैनात कर दी गई है। दोनों पक्षों के बीच अभी भी तनाव बना है। हालांकि शनिवार को स्थिति सामान्य रही है।
पीलीभीत,जेएनएन : शहर के मुहल्ला भू्रे खां स्थित बेगम बादशाह मस्जिद में नमाज पढ़ाने को लेकर उपजे विवाद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के 25 लोगों को पांच-पांच लाख रुपये के निजी मुचलके पर पाबंद किया है। इसके अलावा विवादित मस्जिद के आसपास फोर्स तैनात कर दी गई है। दोनों पक्षों के बीच अभी भी तनाव बना है। हालांकि शनिवार को स्थिति सामान्य रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला भू्रे खां स्थित बेगम बादशाह मस्जिद में शुक्रवार की दोपहर नमाज पढ़ाने को लेकर मौलाना जरताब रजा खां और मासूम रजा खां के बीच विवाद हो गया था। दरअसल दोनों ही पक्ष मस्जिद पर अपना स्वामित्व होने का दावा कर रहे थे। दोनों लोग एक ही खानदान के हैं। देखते देखते मस्जिद पर दोनों पक्षों के लोग जुटने लगे थे। बाद में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और मारपीट की नौबत आ गई थी। मामले की भनक पाकर पुलिस प्रशासन भी सुबह से ही हरकत में आ गया था। मौके पर मौजूद नगर मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह तथा सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम ने किसी तरह स्थिति को संभाला। बाद में दोनों पक्षों के बजाय एक अन्य इमाम को निर्णय होने तक नमाज पढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बीच पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसके तहत दोनों पक्षों के 25 लोगों को पांच पांच लाख रुपये के निजी मुचलके पर पाबंद कर दिया गया है।
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि मुचलका पाबंद किए गए लोगों में फरहान रजा खां, मेहरान रजा खां, मुनाकेविल रजा खां, मुसबिर रजा खां, जरताब रजा खां, बुरहान रजा खां, मुजीब रजा खां, मुशाहिद रजा खां, बरकत रजा खां, असकार रजा खां, तमहीद रजा खां, तमजीद रजा खां, गुलाम गौस रजा खां, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद रजा खां, तहसीन रजा खां व फरहान रजा खां आदि शामिल हैं। मस्जिद की कीमती भूमि भी अहम वजह शहर के मुहल्ला भूरे खां स्थित बेगम बादशाह मस्जिद में नमाज पढ़ाने को लेकर उठे विवाद को कीमती भूमि से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मस्जिद की तीन बीघा से ज्यादा जमीन चंदोई गांव में स्थित है। 30 अक्टूबर 2020 को प्रशासन की ओर से इसे चिन्हित भी किया गया था। इस मामले को लेकर वक्फ बोर्ड से भी संपर्क किया गया है।