12 मंजिला बनेगा पुलिस ट्रांजिट हास्टल
आवासीय समस्या से जूझ रहे पुलिस कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। शहर विधायक संजय सिंह गंगवार की पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारह मंजिला पुलिस ट्रांजिट हास्टल के निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है।
पीलीभीत,जेएनएन : आवासीय समस्या से जूझ रहे पुलिस कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। शहर विधायक संजय सिंह गंगवार की पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारह मंजिला पुलिस ट्रांजिट हास्टल के निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। हालांकि इस बाबत अभी तक विभागीय लिखित आदेश पुलिस महकमे को नहीं मिला है, लेकिन धनराशि मंजूरी से इस महत्वपूर्ण योजना को पंख लग गए हैं। खास बात यह है कि पुलिस महकमे के लिए मंडल स्तर पर यह पहली 12 मंजिला इमारत होगी।
तराई के जनपद में चौदह थाना स्थित हैं, जिनमें तैनात पुलिस कर्मचारियों की संख्या भी खासी है, लेकिन उसके अनुरूप यहां पुलिस कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सैकड़ों की संख्या में पुलिस कर्मचारी अभी तक निजी भवनों में किराए पर ही रहते हैं। पुलिस लाइन परिसर में भी पुलिस कर्मचारियों के लिए सीमित आवासीय सुविधा है। पुलिस कर्मचारियों की आवासीय समस्या के प्रति शासन ने गंभीर रुख अपनाया,जिसके बाद शासन ने स्थानीय पुलिस लाइन परिसर में ट्रांजिट हास्टल का निर्माण कराने का निर्णय लिया। शासन स्तर से टीम ने स्थानीय पुलिस लाइन परिसर में ट्रांजिट हास्टल निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का सर्वे किया था, जिसके बाद पुलिस लाइन परिसर में 12 मंजिला पुलिस ट्रांजिट हास्टल निर्माण की कार्ययोजना को हरी झंडी दे दी गई। यह मामला शासन स्तर से विभागीय फाइलों में ही चल रहा था। ऐसे में शहर विधायक संजय सिंह गंगवार ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उक्त महत्वपूर्ण योजना के प्रति उन्हें अवगत कराते हुए पुलिस कर्मचारियों की आवासीय समस्या के बारे में विस्तार से बताया। मुख्यमंत्री ने इस बाबत संबंधित उच्चाधिकारियों से ट्रांजिट हास्टल के बारे में मालूमात की, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट हास्टल निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये की धनराशि को स्वीकृति दे दी है। पुलिस ट्रांजिट हास्टल का निर्माण कराने की जिम्मेदारी जल निगम की निर्माण शाखा को दी गई है। ट्रांजिट हास्टल की इमारत अस्तित्व में आने पर पीलीभीत जिले को एक नई पहचान मिल सकती है।
दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें पुलिस ट्रांजिट हास्टल निर्माण के बारे में अवगत कराते हुए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की थी। जिस पर मुख्यमंत्री ने 23 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। जल्द ही ट्रांजिट हास्टल निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। पुलिस लाइन परिसर में 12 मंजिला ट्रांजिट हास्टल का निर्माण जिले के लिए बड़ी सौगात होगी।
- संजय सिंह गंगवार, शहर विधायक
पुलिस लाइन परिसर में 12 मंजिला पुलिस ट्रांजिट हास्टल का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए भूमि भी चयनित कर ली गई है। ट्रांजिट हास्टल निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये मंजूर होने की जानकारी माननीय से मिली है, लेकिन इस बारे में अभी तक कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
- जय प्रकाश, पुलिस अधीक्षक