यूपी व उत्तराखंड की टीम प्रतियोगिता से हुई बाहर
जासं, ग्रेटर नोएडा: शारदा विश्वविद्यालय के मैदान पर खेले जा रहे संतोष ट्राफी नार्थ जोन में शुक्रवा
जासं, ग्रेटर नोएडा:
शारदा विश्वविद्यालय के मैदान पर खेले जा रहे संतोष ट्राफी नार्थ जोन में शुक्रवार को दो मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में हरियाणा की टीम ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला यूपी व चंडीगढ़ के बीच ड्रा रहा। यूपी व उत्तराखंड की टीमें शुक्रवार को मुकाबले से बाहर हो गईं।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में हरियाणा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उत्तराखंड की टीम ने भी शुरू में कड़ी टक्कर दी। 50 मिनट तक दोनों टीम एक भी गोल नहीं कर सकीं। इससे मुकाबला ड्रा की ओर बढ़ने लगे। लेकिन तेजी दिखाते हुए 55 वें मिनट में हरियाणा के आदित्य ने पहला गोल किया। गोल होते ही उत्तराखंड की टीम पर दबाव बढ़ गया। टीम ने गोल करने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। 86 वें मिनट में हरियाणा के मनीष ने एक और गोल कर दिया। उत्तराखंड की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। हरियाणा ने 2-0 से मुकाबला जीत लिया। दूसरे मुकाबले में यूपी व चंडीगढ़ की टीम ने दो-दो गोल किए। इस कारण मैच ड्रा हो गया। यूपी की टीम ने विशाल, शनी व चंडीगढ़ की ओर से विवेक व प्रतीक ने गोल किया।