नौ चिकित्सक व 27 कर्मी कर रहे महिलाओं का उपचार
जागरण संवाददाता नोएडा नारी निकेतन की मानसिक रूप से कमजोर 24 कोरोना संक्रमित महिलाओं का इलाज करने के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा अस्पताल में अलग से टीम तैयार की गई है।
जागरण संवाददाता, नोएडा : नारी निकेतन की मानसिक रूप से कमजोर 24 कोरोना संक्रमित महिलाओं का इलाज करने के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा अस्पताल में अलग से टीम तैयार की गई है। महिलाओं के व्यवहार के मद्देनजर सभी को तृतीय तल पर अलग वार्ड में रखा गया है। यहां नौ चिकित्सक व 18 स्टाफ नर्स की देखरेख में इन महिलाओं का उपचार शुरू है। टीम का नेतृत्व मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.कुणाल कुमार कर रहे हैं।
दरअसल, नोएडा के सेक्टर-34 स्थित नारी निकेतन में 21 नवंबर को नौ महिलाएं संक्रमित मिली। इसके बाद यहां 23 नवंबर को दोबारा जांच की गई, तो 15 महिलाओं में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इन सभी 24 महिलाओं का शारदा अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोरोना की रूटीन जांच में महिलाओं के संक्रमित होने की जानकारी मिली थी। अस्पताल के प्रवक्ता डॉ.अजित कुमार ने बताया कि यह सभी महिलाएं मानसिक रूप से कमजोर हैं। इनका व्यवहार बिल्कुल अलग है। न तो ये अपनी समस्याओं के बारे में चिकित्सकों को बता पा रही है और न दूसरे मरीजों की तरह शांत रहती है। इससे इन्हें अलग वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा है। यहां मनोविज्ञान विभाग की टीम कोरोना के साथ-साथ इनका अलग से विशेष उपचार कर रही है। महिलाओं को हो रही छोटी से छोटी परेशानी का हल कर उन्हें ठीक करने का प्रयास जारी है।
डॉ.अजित का कहना है कि महिलाओं का स्वास्थ्य स्थिर है, लेकिन मानसिक रूप से कमजोर होने से इनके स्वास्थ्य में तेजी से परिवर्तन होने की संभावना है। इसे भांपते हुए अलग से चिकित्सकों की टीम तैयार की गई है। शीर्ष अधिकारी भी महिलाओं की तबीयत पर नजर रख रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन महिलाओं के बारे में पल-पल की अपडेट ले रहा है। भर्ती महिलाओं में 70 फीसद मानसिक रोगी और 20 फीसद मानसिक रूप से अल्प विकसित हैं।