करंट लगाकर हत्या के बाद नाले में फेंका था युवक का शव, गिरफ्तार
सेक्टर-63 में छह माह पहले हुई किशोर की हत्या के मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने करंट लगाकर किशोर की हत्या की थी। उसका शव बोरे में बंद कर सेक्टर-63 के जी-ब्लॉक स्थित नाले में फेंक दिया था। पुलिस का दावा है कि किशोर ने हत्यारोपित को एक युवती के साथ कमरे में देख लिया था। उसे डर था कि किशोर यह बात युवती के घरवालों को बता देगा। इस बात को दबाने के लिए ही उसने किशोर की हत्या कर दी थी। हत्या में शामिल उसका दोस्त अभी फरार है। कोतवाली फेस तीन पुलिस ने कोर्ट में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जागरण संवाददाता, नोएडा :

मूलरूप से बस्ती के छावनी कोतवाली क्षेत्र निवासी शशांक शेखर पाठक उर्फ अतुल (17) सेक्टर-63 के पास स्थित वाजिदपुर गांव में आटा चक्की संचालक धर्मेंद्र कुमार के यहां काम करता था। धर्मेंद्र मूलरूप से बिहार के पूर्वी चंपारण का रहने वाला है। शशांक 12 फरवरी को संदिग्ध हालत में लापता हो गया था। घर नहीं आने पर परिजनों ने 13 फरवरी को कोतवाली फेस तीन में गुमशुदगी की शिकायत दी थी। 14 फरवरी को सेक्टर-63 के जी-ब्लॉक स्थित नाले में प्राधिकरण के कर्मियों को सफाई के दौरान बंद बोरे में किशोर का शव मिला था। परिजनों ने मोर्चरी में जाकर शव की पहचान की थी। किशोर के भाई अमलेंद्र प्रकाश नारायण ने आटा चक्की मालिक धर्मेंद्र कुमार व उसके दोस्त भानू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
----
हत्या के बाद बिहार भाग गया था आरोपित
पुलिस की जांच में हत्या के बाद आटा चक्की मालिक व उसका दोस्त फरार मिले। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार रात आरोपित धर्मेंद्र कुमार को मामूरा से गिरफ्तार किया गया। उसने पुलिस को बताया है कि हत्या के बाद वह बिहार भाग गया था। छह महीने से वह बिहार में ही छिप कर रह रहा था। उसे लगा कि अब मामला शांत हो गया होगा। लिहाजा, वह अपना सामान आदि लेने के लिए वाजिदपुर आया था। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि हत्यारोपित का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 12 फरवरी को दिन में वह युवती के साथ कमरे में था। किशोर ने दोनों को कमरे में देख लिया था। आरोपित ने किशोर को किसी से इस बात का जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भी उसे किशोर पर भरोसा नहीं था। इसी डर से उसने रात में नंगे तार को आटा चक्की से जोड़ दिया और किशोर को उसे चलाने के लिए भेज दिया। करंट की चपेट में आने से किशोर झुलस गया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को बोरे में भर कर नाले में फेंक दिया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप