छात्रों ने बनाया जल शोधक यंत्र विद्यालय को किया समर्पित
संवाद सहयोगी जेवर कौशल विकास के तहत प्रज्ञान स्कूल के छात्रों ने प्रज्ञान यूनिप्योर जल शोधक
संवाद सहयोगी, जेवर : कौशल विकास के तहत प्रज्ञान स्कूल के छात्रों ने प्रज्ञान यूनिप्योर जल शोधक यंत्र बनाया है। इसे मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय को समर्पित किया गया।
यंत्र के जरिये छात्रों को शुद्ध पेयजल मिल सकेगा। केंद्र सरकार द्वारा संचालित कौशल विकास योजना के तहत प्रज्ञान पब्लिक स्कूल के छात्रों ने काफी कम कीमत पर जल शोधक यंत्र तैयार किया है। इसे मंगलवार को मंगरौली के प्राथमिक विद्यालय में लगाया गया। प्रज्ञान पब्लिक स्कूल जेवर के प्रबंधक हरीश शर्मा ने बताया कि यंत्र के तैयार होने के बाद विद्यालय में परीक्षण के लिए लगाया गया था। बेहतर परिणाम सामने आने पर मंगलवार को इसे प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को निश्शुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाया गया। ग्राम प्रधान जेपी शर्मा व ग्रामीणों ने छात्रों की सराहना की। इस मौके पर स्कूल की अध्यापिका सोनिया कोचर, शैलेंद्र सिंह, राकेश कुमार, धीरज सिंह, विजय कुमार, राजेंद्र निगम, साज भारती, लोकेश कुमार मौजूद रहे।
-----
बीकेयू का टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन
संस, जेवर: भाकियू ने बुधवार को जेवर ब्लॉक पर मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे बाद भी कोई अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं पहुंचा तो कार्यकर्ता यमुना एक्सप्रेस वे के जेवर टोल प्लाजा पर पहुंच गए और टोल फ्री करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने उन्हें मांग पूरी करने का आश्वासन देकर शांत किया। संगठन के राष्ट्रीय सचिव चौधरी महेंद्र सिंह चौरोली बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ ब्लॉक परिसर में पहुंचे और धरना शुरू किया। उन्होंने यमुना एक्सप्रेस वे के खुर्जा पुल पर उतार चढ़ाव के लिए सीढियां बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऊंचाई से गिरने से कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल को बेचने के लिए इधर उधर दौड़ रहे हैं। व्यापारी उन्हें सही कीमत नहीं दे रहे हैं। क्षेत्र में किसानों की फसल खरीदने के लिए जल्द से जल्द क्रय केंद्र खोले जाएं। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ धरना करीब तीन बजे तक चला, लेकिन कोई अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं पहुंचा। इससे नाराज होकर संगठन कार्यकर्ता यमुना एक्सप्रेस वे के जेवर टोल प्लाजा पर पहुंचे। उन्होंने टोल फ्री करने की चेतावनी दी। सूचना मिलने पर यमुना प्राधिकरण के अधिकारी, एसडीएम आदि मौके पर पहुंचे और उन्हें बताया कि ब्लॉक में क्रय केंद्र खोले गए हैं। अन्य मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। संगठन नेताओं ने चेतावनी दी कि जल्द सभी मांगे पूरी नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा।