किशोरी के अपहरण की सूचना से हड़कंप, दिल्ली में मिली
जागरण संवाददाता नोएडा ऑटो चालक द्वारा किशोरी के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया।
जागरण संवाददाता, नोएडा : ऑटो चालक द्वारा किशोरी के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने छानबीन शुरू की व करीब पांच घंटे बाद किशोरी को पुलिस ने दिल्ली के मोरी गेट क्षेत्र से बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे ढूंढ निकाला। एसीपी द्वितीय रजनीश वर्मा ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-58 क्षेत्र के एक गांव में किशोरी का परिवार रहता है। 17 वर्षीय किशोरी नौवीं की छात्रा है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे किशोरी की मां ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर 17 वर्षीय बेटी के ऑटो चालक द्वारा अपहरण करने की सूचना दी। इस सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और छानबीन शुरू की। जांच में पता लगा कि ऑटो चालक आनंद विहार की तरफ लेकर गया है।
एसीपी ने बताया कि देर शाम ऑटो चालक को दिल्ली से पकड़ा गया तो पता लगा कि अपहरण नही बल्कि लड़की खुद बुकिग कर आनंद विहार गई है। वह रास्ते में मुंबई जाने की बात कह रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला तो उसमें वह दिखी। इसके बाद जब छानबीन हुई तो पता लगा कि वह मोरी गेट की तरफ गई है। एसीपी ने बताया करीब आठ बजे पुलिस टीम ने किशोरी को दिल्ली के मोरी गेट एरिया से ढूंढ निकाला। स्टेटस लगाने को लेकर हुआ था विवाद
एसीपी ने बताया कि किशोरी का बुधवार को जन्मदिन था। घर पर एक मोबाइल उपयोग होता है। उस मोबाइल के वाट्सएप एप पर स्टेटस लगाने को लेकर उसका विवाद हुआ था। एसीपी ने कहा कि किशोरी के रिश्तेदार मुंबई में रहते हैं। वहां जाने के लिए निकलने की बात बताई है। उन्होंने कहा कि किशोरी से विस्तृत बातचीत करने पर और जानकारी मिल सकेगी।