पेट्रोल-डीजल के मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस-रालोद का धरना प्रदर्शन
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा पेट्रोल-डीजल की प्रतिदिन बढ़ रही कीमतों से लोगों में जबरदस्त उबाल है। राजनीतिक दलों ने भी इस मुद्दे को हाथों-हाथ लेते हुए सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने की मांग की।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : पेट्रोल-डीजल की प्रतिदिन बढ़ रही कीमतों से लोगों में जबरदस्त उबाल है। राजनीतिक दलों ने भी इस मुद्दे को हाथों-हाथ लेते हुए सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि महंगाई के कारण जनता भुखमरी के कगार पर है। वैश्विक महामारी में जनता को राहत देने के बजाय केंद्र सरकार उस पर टैक्स का बोझ लाद रही है। पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने से किसान, मजदूर, व्यापारी, श्रमिक सभी वर्ग परेशान है। इस मौके पर नोएडा महानगर अध्यक्ष शाहबुद्दीन, डॉ. महेंद्र नागर, राजेंद्र अवाना, योगेश तालान, फिरे सिंह नागर, अशोक पंडित, गौतम अवाना, पुरुषोत्तम, सुनीता, शारदा, भगवती शर्मा, पारुल चौधरी, सुमन भाटी आदि मौजूद रहीं।
वहीं रालोद जिलाध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें काफी कम हैं। पेट्रोल 28.89 रुपये व डीजल 27.35 रुपये है, लेकिन देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग लगी है। सरकार ने ईधन की कीमत बढ़ाने का रिकार्ड बना दिया है। पेट्रोल, डीजल की कीमत बढ़ने से महंगाई बढ़ गई है। लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो रहा है। कोरोना संकट के चलते लोगों की नौकरी जा रही है। बच्चों की फीस भरना मुश्किल हो रहा है। सरकार को महंगाई की मार झेल रही जनता को राहत देने के लिए पेट्रोल, डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर इनकी कीमतों में कमी लानी चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष जनार्दन भाटी, बिजेंद्र यादव, मनोज चौधरी, बलराज हूण, उदयवीर राठी, कुंवर पाल नागर, बिजेंद्र भाटी, सुल्तान यादव, सार्थक यादव शामिल थे।