मौसम से बिजली आपूर्ति में पड़ा व्यवधान
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा भीषण गर्मी के बाद शनिवार देर रात मौसम का मिजाज एकाएक बदल
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : भीषण गर्मी के बाद शनिवार देर रात मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया। तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं तेज बारिश और हवा के कारण देहात क्षेत्र के कई बिजली फीडर में ब्रेकडाउन हुआ। इसके चलते गांवों में डेढ़ से दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित हुई। रविवार को बिजली की खपत में भी गिरावट दर्ज हुई।
गर्मी व उमस के कारण बिजली की मांग उच्च स्तर पर चल रही थी। शनिवार को दिन में बिजली की मांग चार सौ मेगावॉट से ऊपर दर्ज हुई। लेकिन देर रात में मौसम ने करवट बदल ली। आंधी के साथ बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आने के साथ ही बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ा। देहात क्षेत्र के कई फीडर में ब्रेक डाउन हो गया। डेढ़ से दो घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। बारिश रुकने के बाद फीडर की तकनीकी गड़बड़ी दूर हुई और आपूर्ति बहाल हुई। एनपीसीएल के वीपी सारनाथ गांगुली ने बताया कि तेज बारिश व हवा के कारण ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पर कुछ समय के लिए असर पड़ा था।