रिमांड के पहले दिन आरोपितों से अलग-अलग हुई पूछताछ
फर्जी मस्टर रोल बनाकर गौतमबुद्ध नगर में पिछले कई वर्षों से हो रहे फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने तत्कालीन जिला होमगार्ड कमांडेंट राज नारायण चौरसिया सहित पांचों आरोपित को शुक्रवार को रिमांड पर ले लिया। पुलिस ने आरोपितों को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। पांचों आरोपितों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। सूत्रों की मानें तो पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने पांचों आरोपितों
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा:
फर्जी मस्टर रोल बनाकर गौतमबुद्ध नगर में पिछले कई वर्षों से हो रहे फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने तत्कालीन जिला होमगार्ड कमांडेंट राज नारायण चौरसिया सहित पांचों आरोपित को शुक्रवार को रिमांड पर ले लिया। पुलिस ने आरोपितों को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। पांचों आरोपितों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। सूत्रों की मानें तो पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस ने पांचों आरोपितों तत्कालीन जिला होमगार्ड कमांडेंट राज नारायण चौरसिया, सहायक जिला कमांडेंट सतीश चंद्र व तीन प्लाटून कमांडर मोंटू कुमार, शैलेंद्र कुमार व सत्यवीर यादव को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। शुक्रवार को रिमांड का पहला दिन था। पुलिस टीम पांचों को जेल से रिमांड पर लेकर आई। पांचों को अलग-अलग स्थान पर रखकर पूछताछ की गई। पुलिस का प्रयास है कि आरोपितों से यह पता लगाया जाए कि उनके द्वारा किस प्रकार से फर्जीवाड़ा किया जाता था, फर्जीवाड़े कैसे होता था, इसमें किस-किस को कितना-कितना हिस्सा मिलता था, फर्जीवाड़ा में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फर्जीवाड़ा कब से हो रहा था, मामले में मस्टर रोल को जलाने की साजिश कैसे व किसने रची, घटना को किसने अंजाम दिया आदि। पहले दिन की पूछताछ में कुछ आरोपितों से अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर पुलिस टीम अब आगे बढ़ेगी। पुलिस सूत्रों की माने तो जल्द ही फर्जीवाड़े में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। ज्ञात हो कि एक होमगार्ड द्वारा की गई शिकायत के बाद फर्जीवाड़े का मामला प्रकाश में आया था। होमगार्डों की ड्यूटी के नाम पर फर्जी मस्टर रोल तैयार किए गए थे। होमगार्ड कार्यालय के एक बक्से में वर्ष 2014 से अब तक के मस्टर रोल रखे थे। कुछ लोगों ने ताला तोड़कर उसमें आग लगा दी थी। जिसमें मस्टर रोल पूरी तरह से जल गए थे। रिमांड पर लेकर आरोपितों से पूछताछ शुरू हो गई। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। प्रयास होगा कि आरोपितों से अहम जानकारी प्राप्त की जाए।
रणविजय सिंह, एसपी देहात