कंसलटेंट की नियुक्ति से बढे़गी उत्पादन क्षमता
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : एक जनपद, एक उत्पाद को जिले में बढ़ावा दिया जाएगा। जिले में करीब 2500
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : एक जनपद, एक उत्पाद को जिले में बढ़ावा दिया जाएगा। जिले में करीब 2500 से अधिक रेडीमेड गारमेंट्स की इकाइयां हैं। इनसे करीब 1500 करोड़ का सालाना निर्यात किया जाता है। जो पूरे प्रदेश के गारमेंट्स निर्यात का लगभग 60 फीसद है। इन इकाइयों में उत्पादन व प्रशिक्षित कारीगरों की क्षमता बढ़ाने के लिए कंसलटेंट नियुक्त किये जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर पर काम तेजी से चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो पंद्रह दिनों में कंसलटेंट के नियुक्ति कर देगा। इसके बाद गारमेंट्स उद्योग की स्थिति, ब्रां¨डग का नए सिरे से सर्वे भी किया जाएगा।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि जिले में एक जनपद, एक उत्पाद योजना को गति देने के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। दो माह में तकरीबन एक दर्जन से अधिक शिविर का आयोजन किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कंसलटेंट की नियुक्ति के बाद रेडीमेड गारमेंट्स उद्योग में तेजी आएगी। इससे उद्योग को प्रशिक्षित कारीगर मिलेंगे। इससे उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अपैरल कलस्टर लगाने की योजना है। इससे जिले में करीब पांच से दस लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा लोगों को रोजगारपरक प्रशिक्षण भी दिए जाएंगे। - एक जनपद, एक उत्पाद में जनपद का चयन गारमेंट्स उद्योग के लिए हुआ है। गौतमबुद्ध नगर से प्रदेश के 60 फीसद गारमेंट्स का निर्यात किया जाता है। यहां कंसलटेंट नियुक्ति के बाद यह ग्राफ तेजी से आगे बढ़ेगा।
- अनिल कुमार, उपायुक्त जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र गौतमबुद्ध नगर