26 जून को 2.5 लाख लोगों को मिलेगा नियुक्ति पत्र
जागरण संवाददाता नोएडा रियल एस्टेट से जुड़ी संस्था यूपी नेरेडको ने प्रदेश सरकार को 2.8
जागरण संवाददाता, नोएडा : रियल एस्टेट से जुड़ी संस्था यूपी नेरेडको ने प्रदेश सरकार को 2.85 लाख कामगारों की सूची सौंपी थी। इसमें 9 लाख कामगारों की संख्या को और बढ़ा दिया गया है। अब यह संख्या बढ़कर 11.80 लाख हो गई है। इन सभी को नेरेडको रोजगार देगा। पहले चरण में 2.5 लाख कामगारों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया। इसकी शुरुआत 26 जून को सेक्टर-94 स्थित सुपरटेक के सुपरनोवा परियोजना में आयोजित होने वाले कार्यक्रम से होगी।
कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेंसिग के जरिये प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री मजदूरों से संबंधित स्थिति की जानकारी लेंगे और नेरेडको की ओर से रोजगार की एक सूची सौंपी जाएगी। यूपी नेरेडको यूपी अध्यक्ष आरके अरोड़ा (चेयरमैन, सुपरटेक समूह) ने बताया कि संस्था प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने में सहयोग देगी। 26 जून को सुपरटेक के सुपरनोवा परियोजना पर नेरेडको यूपी कामगारों को नियुक्ति पत्र देगा। उन्होंने बताया कि रियल एस्टेट सेक्टर के पास प्रदेश के एक करोड़ से ज्यादा कामगारों को रोजगार देने की क्षमता है। जिन्हें विभिन्न परियोजना में काम करने के लिए लगाया जा सकता है। यह सेक्टर रोजगार देने के मामले में देश में दूसरा स्थान रखता है। देश के जीडीपी में रियल एस्टेट का 10 फीसद का योगदान करता है। इस सेक्टर से छोटे-बड़े मिलकर 250 उद्योग जुड़े हुए हैं। ऐसे में रियल एस्टेट सेक्टर ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मुहैया कराने में सक्षम है।